- वेडनेस डे को होगा गौरव का ऑपरेशन

- एसएन में हो रहा है इलाज, आगराइट्स का मिल रहा सहयोग

आगरा। वो हंसता भी है, वो रोता भी है। अपनी पिता और मां की गोद में सुकून से सोता भी है। भूख भी लगती है और प्यारी सी नींद भी आती है। लेकिन अपना दर्द वो बयां नहीं कर पाता है। डेंडी वॉकर सिंड्रोम जैसी बीमारी से जूझ रहा मासूम गौरव आगरा वालों के सहयोग से एसएन में इन दिनों अपना इलाज करवा रहा है।

वैडनेसडे को होगा ऑपरेशन

ट्यूसडे को एसएन मेडिकल कॉलेज में एडमिट हुए गौरव की इन दिनों जांचें चल रही हैं। उसका हर तरह का टेस्ट हो चुका है। सर्जरी विभाग के न्यूरोसर्जरी विंग में डॉ। आलोक गुप्ता की देखरेख में अब उसका इलाज हो रहा है। फ्राइडे को डॉ। गुप्ता ने बताया कि उसका ऑपरेशन वैडनेसडे को किया जाएगा।

आगरा ने खोल दिया अपना दिल

गौरव के जन्म के दूसरे दिन आईनेक्स्ट ने उसकी खबर प्रकाशित की थी। तभी से उसके पिता इंद्रजीत को आगराइट्स दिल खोल कर सहयोग कर रहे हैं। किसी ने इंद्रजीत को आर्थिक रूप से सहयोग दिया तो कोई उसका मनोबल बढ़ा रहा है। इंद्रजीत के पास अब भी आगराइट्स के फोन आ रहे हैं। लोग गौरव का हालचाल लेते हैं। उसके लिए दुआएं मांगते हैं और उसकी सलामती के लिए भगवान से प्रार्थना करते हैं।

हेल्प आगरा कर रहा हेल्प

पहले दिन से अब तक हेल्प आगरा द्वारा गौरव की मदद की जा रही है। उसकी सीटी स्कैन से लेकर उसके लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने तक की मदद आगरा वाले कर रहे हैं। अब हेल्प आगरा द्वारा ही उसे दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी तरह समाजसेवी श्याम पैंगोरिया भी लगातार गौरव के पिता इंद्रजीत के संपर्क में है। वे भी गौरव के लिए लगातार संसाधन जुटा रहे हैं।

वर्जन

लोगों का सहयोग मुझे हर तरह से मिल रहा है। जांचे हो चुकी हैं। अब बेटे का ऑपरेशन होगा। मैं सभी शहरवासियों का धन्यवाद देना चाहता हूं।

- इंद्रजीत, गौरव के पिता