- गिरफ्तारी के लिए गया के सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआइटी गठित

- बिंदी यादव व रॉकी रखता है लाइसेंसी रिवॉल्वर

- पटना के जोनल आइजी गया में कर रहे हैं कैंप

क्कन्ञ्जहृन् : गया में एक व्यवसायी के पुत्र आदित्य पर जदयू की महिला विधान पार्षद मनोरमा देवी के पुत्र रॉकी यादव ने गोलियां चलाई थी। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सुनील कुमार ने रविवार शाम को यह स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि रॉकी के साथ एमएलसी मनोरमा देवी का सरकारी अंगरक्षक राजेश कुमार भी था। पुलिस ने राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उसके हथियार की फोरेंसिक जांच की गई है। फोरेंसिक जांच में स्पष्ट हो चुका है कि गोली अंगरक्षक के हथियार से नहीं चली। उसने पूछताछ में पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है कि गोली रॉकी ने ही चलाई थी।

एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गया के सिटी एसपी के नेतृत्व में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआइटी) का गठन किया गया है और एसआइटी रॉकी यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस बीच, रॉकी यादव के पिता बिंदेश्वरी यादव उर्फ बिंदी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बिंदी यादव का अपना पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। गया पुलिस रॉकी के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि बिंदी यादव के अलावा रॉकी यादव भी अपने साथ लाइसेंसी रिवॉल्वर रखता है।

जिस रिवॉल्वर से आदित्य को गोली मारी गई है, वह हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है। बिंदी यादव और रॉकी यादव को जारी हथियार के लाइसेंस को रद करने की कार्रवाई शुरू पटना के जोनल आइजी नैयर हसनैन खां को घटना की जांच के लिए गया भेजा गया है। वे वहां कैंप कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय मौजूद सरकारी अंगरक्षक ने स्वीकार किया है कि ओवरटेकिंग को लेकर दोनों के बीच हुई मारपीट के बाद रॉकी ने आदित्य ने गोलियां चलाई हैं।

एडीजी ने बताया कि राज्य पुलिस मुख्यालय ने इस घटना को काफी गंभीरता से लिया है और इसमें शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह जितना भी प्रभावशाली हो। उन्होंने बताया कि बिंदी यादव को अपने पुत्र को भगाने और साक्ष्य मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि रॉकी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो उसके घर की कुर्की-जब्ती की जाएगी।