छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: करनडीह स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। इसके लिए कई उपाय किए जा रहे हैं। इस संबंध में शुक्रवार को अपर जिला दंडाधिकारी सुबोध कुमार ने बैठक की। इसमें सबसे पहले तय हुआ कि जेल की सुरक्षा अब जैप (झारखंड आ‌र्म्ड पुलिस) के जिम्मे होगी। फिलहाल जेल में आठ वाच टावर हैं, जिसमें से चार में ही जैप के जवान तैनात रहते थे। शेष में जिला पुलिस के जवान रहते थे, लेकिन अब आठों वाच टावर पर जैप के जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा जेल परिसर में सीसीटीवी कैमरे की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। कैमरों के साथ सीसीटीवी सिस्टम को भी उन्नत किया जाएगा। फिलहाल जेल की सुरक्षा के लिए अंदर व बाहर 22 कैमरे लगे हैं, लेकिन इसकी संख्या कितनी होगी, यह तय नहीं हुआ। सुरक्षा की चर्चा पर यह भी निर्णय लिया गया कि थाना क्षेत्र की पुलिस गश्ती भी बढ़ाई जाए। इस बैठक में जिला परियोजना पदाधिकारी प्रिया कुजूर के अलावा विशेष शाखा के इंस्पेक्टर मनोज कुमार भी उपस्थित थे।

जेल में है 1550 कैदी

घाघीडीह केंद्रीय कारा में जो भी कैदी या बंदी है, सभी का आधार कार्ड बनेगा। इसकी प्रक्रिया कई दिनों से चल रही है, जिसमें अधिकांश का आधार कार्ड बन चुका है। जेल में फिलहाल 1550 कैदी हैं।

जैमर 2-जी पर निर्णय नहीं

घाघीडीह जेल में फिलहाल तीन जैमर लगे हैं, लेकिन सभी 2-जी मोबाइल फोन के ही योग्य हैं। इन्हें 3-जी या 4-जी की क्षमता में उन्नत किया जाएगा या नहीं, इस पर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। जिस वजह से बंदी धड़ल्ले से मोबाइल फोन का उपयोग कर रहे हैं।