आगरा। तीन महीने से शोहदे का शोषण झेल रही लड़की ने जब आवाज बुलंद की तो उसे सड़क सरेआम बुरी तरह पीट कर लहूलुहान कर दिया। बीच सड़क हो रहे हंगामे को देख आस-पास के लोग जमा हो गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन जब तक पुलिस पहुंची तब तक शोहदा मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने लड़की को मेडिकल के लिए भेजा। थाने में अभी तहरीर नहीं दी है।

प्रभाव में लेकर रखे था साथ

कमला नगर की एक लड़की के रिश्तेदार की वहीं के एक लड़के ने तीन वर्ष पूर्व बुरे समय में आर्थिक मदद की थी। उसी उसी समय से लड़की व लड़के की नजदीकियां बढ़ गई। दोनों लिवइन रिलेशनशिप में रहने लगे। लेकिन लड़की इस रिश्ते को एक्सेप्ट नहीं कर पा रही थी।

घुमाने ले गया था उसको

बताया गया है कि बुधवार की शाम लड़का उसे पार्क घुमाने ले गया। उसने बाइक से उसे बाइपास पर उतारा। साथ रहने की बात पर दोनों में विवाद हुआ। लड़की ने साफ इंकार कर दिया। इस पर विवाद बढ़ गया। लड़के ने सड़क पर ही सरेआम लड़की को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। उसने लड़की की नाक पर घूंसा दे मारा जिससे नाक से खून की धार बह निकली।

मौके पर जमा हुई लोगों की भीड़

सड़क पर हंगामा होते देख राहगीर जमा होने लगे। लड़की चीख पुकार कर रही थी। लोगों की समझ में नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है। भीड़ जमा होते देख शोहदा मौका देख कर तुरंत वहां से निकल गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पीडि़ता को मेडिकल के लिए भेजा। लड़की का कहना था कि वह उसका शोषण करता है। सूचना पर परिजन पहुंच गए थे। इंस्पेक्टर थाना हरीपर्वत हरीमोहन सिंह का कहना था कि इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।