- युवती अधिकारी के घर वर्षो से कर रही थी काम

- मौत का कारण नहीं स्पष्ट, परिजनों का भी नहीं पता

आगरा। एडीएम सिटी के आवासीय परिसर में युवती का शव फंदे पर लटका मिला। युवती अधिकारी के घर में काम करती थी। फॉलोअर ने शव को लटका देखा। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिसर में युवती अलग कमरे में रहती थी। सुसाइड के पीछे कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आया है।

पंखे पर दुपट्टे के सहारे लटकी थी

बताया गया है कि एडीएम सिटी धर्मेद्र सिंह के साथ पिछले पांच-छह सालों से 21 वर्षीय कु। ऊषा परिवार के सदस्य की तरह रह रही थी। वह आवासीय परिसर स्थित कमरे में रहती थी। वह घर का कामकाज करती थी। शनिवार सुबह नौ बजे एडीएम सिटी के फॉलोअर विजय ने देखा कि उसका शव दुपट्टे के सहारे पंखे पर लटका हुआ है।

पहले हॉस्पिटल ले गए युवती को

कर्मचारी युवती को जिला अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कर्मचारी उसे फिर से उसके कमरे में ले आए। एक बजे करीब पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब पहुंची तो उसका शव नीचे रखा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। मौके पर कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस अभी तक मात्र यहीं पता कर पाई है कि वह देवरिया की है, लेकिन उसके परिजन कहां हैं इसकी जानकारी नहीं हो पाई है।