- सहजनवां के डोहरिया बाग में मिली डेड बॉडी

- नेचुरल कॉल के बहाने घर से निकली थी किशोरी

GORAKHPUR: सहजनवां एरिया के डोहरिया कला गांव के पास बाग में सोमवार सुबह किशोरी की डेड बॉडी मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। किशोरी की गला दबाकर हत्या की गई थी। उसके कपड़े अस्तव्यस्त होने से लोग तरह-तरह की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजहों की सही जानकारी मिल सकेगी। वह किसी युवक की कॉल आने पर घर से निकली थी। परिस्थितियां किसी करीबी के मर्डर में शामिल होने का इशारा कर रही थीं। दशहरे में अष्टमी की रात हुई वारदात ने गांव के लोगों को झकझोर दिया।

रात तीन बजे घर से निकली

सहजनवां एरिया के नरौली विशुनपुरा निवासी कमल चौबे मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड हैं। उनकी चार संतानों में तीसरे नंबर की संजू गांव के पास एक स्कूल में 11वीं की छात्रा थी। रविवार रात करीब तीन बजे नेचुरल कॉल जाने की बात कहकर घर से निकली। सोमवार सुबह पांच बजे उसे बिस्तर पर ना देख परिजन परेशान हो गए। लोगों ने पास पड़ोस में उसकी तलाश शुरू कर दी। तभी किसी ने बताया कि डोहरिया बाग में पोखरे किनारे एक लड़की की डेड बॉडी मिली है। किशोरी की मां और भाई बाग में पहुंचे। बेटी की डेड बॉडी देखकर मां दहाड़ मारकर रोने लगी।

गला दबाकर ली जान

किशोरी की हत्या की सूचना पर पुलिस पहुंची। किशोरी के कपड़े अस्त-व्यस्त पड़े थे। गला दबाकर हत्या करने के बाद उसकी डेड बॉडी बाग में फेंकी गई थी। किशोरी की दादी देवकी ने पुलिस को बताया कि वह बड़े पोते भुअर के साथ बरामदे में सोई थी। जबकि छोटे पोते करन और संजू अलग कमरे में चारपाई पर सोए। उसी कमरे में फर्श पर उसकी मां देवकी भी सो गई। रात में करीब तीन बजे संजू ने नेचुरल कॉल जाने की बात मां से कही। इसके कुछ देर बाद वह चली गई। सुबह जगने पर उसे बिस्तर से लापता देखकर तलाश शुरू की गई।

दादी और भाई के बयानों में अंतर

संजू के पिता कमल एक अक्टूबर को मुंबई कमाने गए हैं। इसके पहले वह सहजनवां में एक क्लीनिक पर कंपाउंडर थे। वह मुंबई गए तो उनका बड़ा बेटा भुअर दिल्ली से घर आ गया। कमल की बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। रविवार रात घर में संजू और उसके दोनों भाई, मां और दादी घर में थीं। दादी ने पुलिस को बताया कि सुबह जब वह संजू को जगाने गई तो वह बिस्तर पर नहीं थी। जबकि बड़े भाई भुअर ने कहा कि रविवार की आधी रात से उसकी बहन लापता थी। उसके घर में ना होने से तलाश कर रहा था। सुबह छह बजे मोबाइल रिचार्ज कराकर लौट रहा था तो उसे डेड बॉडी की जानकारी मिली।

अंजान की कॉल पर निकली किशोरी

किशोरी के भाई भुअर ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन के मोबाइल पर किसी की कॉल आई थी। इसके बाद वह छत से कूदकर चली गई। जानकारी मिलने पर चाचा के साथ वह बहन की तलाश कर रहा था। भुअर ने पुलिस को संजू का मोबाइल भी दिया। पुलिस का कहना है एक युवक से बातचीत के बाद किशोरी घर से निकली थी। बातचीत की रिकॉर्डिग सुनकर क्लू तलाशने का प्रयास किया। बातचीत में युवक ने किशोरी से कहा था कि बाइक चला रहा हूं, बस थोड़ी देर में पहुंच जाऊंगा। पुलिस को आशंका है कि किशोरी की कमरे में हत्या के बाद डेड बॉडी ठिकाने लगाई गई।

इन वजहों ने बढ़ाया हत्या का संदेह

- संजू के कमरे की तलाशी में पुलिस को शराब की बोतल मिली।

- छत से कूदने वाली जगह बेल्ट मिला जिसमें बाल लगे थे।

- छत के नीचे घास पर संजू की चप्पल मिली। लेकिन उसे पहनकर चलने का निशान नहीं था।

- दादी और भाई के बयानों में विरोधाभास है। मां की बात सुनकर भी पुलिस उलझ गई है।

- आधी रात को संजू के मोबाइल पर किसने फोन किया। क्या वह संजू को जानता था।

- पोस्टमार्टम में नाजुक अंगों से जांच के लिए डॉक्टर्स ने नमूना कलेक्ट किया।

वर्जन

किशोरी के मर्डर में पुलिस जांच कर रही है। कुछ अहम सुराग मिले हैं जिनके आधार पर कातिलों की तलाश चल रही है।

- मनोज पांडेय, सीओ कैंपियरगंज