-गायत्री नगर मोहल्ले में गुरुवार की रात हुई घटना

-प्रेमिका को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के गायत्री नगर मोहल्ले में गुरुवार देर रात मामूली विवाद पर प्रेमिका ने पे्रमी पर चाकुओं से हमला कर दिया। मोहल्ले वालों की सूचना पर पुलिस युवक को मेडिकल कॉलेज गई। वहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। युवती को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। दोनों कई साल से लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे।

घर लौटते ही शुरू हुआ झगड़ा

गायत्री नगर मोहल्ला निवासी अयूब आर्केस्ट्रा कंपनी में काम करता था। आर्केस्ट्रा में डांस करने वाली एक गुडि़या से उसको प्रेम हो गया। दोनों के बीच प्रेम बढ़ने पर वह उसे अपने साथ लेकर रहने लगा। शुरुआत में दोनों के बीच संबंध अच्छे रहे। लेकिन बाद में अनबन बढ़ती चली गई। गुरुवार रात मोहल्ले में सजे दुर्गा पंडाल में प्रोग्राम का चल रहा था। वहां से दोनों देर रात कमरे पर पहुंचे। किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि तभी सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर गुडि़या ने अयूब पर हमला कर दिया।

दोनों के बीच रोज होता था विवाद

गंभीर जख्म होने से अयूब की हालत खराब हो गई। दोनों के बीच रोजाना झगड़ा होने की वजह से किसी ने उनके विवाद को गंभीरता से नहीं लिया। हालांकि किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। आनन फानन में अयूब को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत होने की सूचना पर पुलिस ने गुडि़या को हिरासत में ले लिया। गुडि़या ने पुलिस को बताया कि रुपए की बात को लेकर विवाद हुआ था। पहले भी उनके बीच में मारपीट होती रही है।

मारपीट के दौरान गुडि़या ने अयूब पर चाकू चला दिया। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। प्रेमी के हत्या के आरोप में उसे अरेस्ट कर लिया गया है।

घनश्याम तिवारी, इंस्पेक्टर शाहपुर