-असम में हेलीकॉप्टर हादसे में घायल हुए वारंट अफसर चंद्रप्रकाश का शव पहुंचा कानपुर

-पूरा माहौल हुआ गमगीन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, उमड़ी हजारों की भीड़

KANPUR: असम में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में घायल हुए वारंट अफसर चंद्रप्रकाश की मौत हो गई। मंगलवार को उनका पार्थिव शव घर लाया गया तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजन रोते-रोते बेहाल हो गए। पत्नी की हालत बहुत खराब हो गई। फैमिली मेंबर्स ने बड़ी मुश्किल से उनको संभाला। रिश्तेदारों ने किसी तरह बच्चों को संभाला। शव के उनके घर पहुंचते ही पूरा माहौल गममीन हो गया। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

7 मार्च को हुआ हादसा

लाठी मोहाल निवासी चंद्रप्रकाश बाजपेई एयरफोर्स में वारंट अफसर थे। वह सात मार्च को जवानों के साथ हेलीकॉप्टर से जा रहे थे कि हादसे का शिकार होने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को साथी जवान उनके शव को लेकर घर पहुंचे। जैसे ही तिरंगे से लिपटा शव सामने आया, पत्नी और बेटियां दहाड़े मारकर रोने लगी। यही हाल अन्य रिश्तेदारों का भी था। शोक में आसपास के दुकानदारों ने दुकानों को बंद कर दिया। लोगों ने उनके पैरों में पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ शव का अंतिम संस्कार किया गया।