- 9 हजार कंबल मंगाने का गांधी आश्रम को दिया गया ऑर्डर

- नगर निगम से ऑर्डर पर्ची प्राप्त कर पार्षद ले सकते हैं सप्लाई

- 27 नवंबर को आई नेक्स्ट ने अधिकारियों को किया था सचेत

GORAKHPUR: लोगों को भले ही पिछले कुछ दिनों से ठंड परेशान करती रही हो, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों को अब सर्दी का एहसास हुआ है। शहर में अलाव और कंबल वितरण की खराब व्यवस्था पर आई नेक्स्ट की खबर के बाद जिम्मेदार हरकत में आ गए हैं। यही वजह है कि सोमवार को नगर निगम की ओर से आनन-फानन में गांधी आश्रम को नौ हजार कंबल का ऑर्डर दिया गया। इसके तहत पार्षद नगर निगम से ऑर्डर पर्ची लेकर गांधी आश्रम से कंबल प्राप्त कर सकते हैं।

ब्लैक मार्केटिंग से बचाएगा टैग

कंबल सभी जरुरतमंदों के पास पहुंचे और वह कंबल फिर से मार्केट में न बिके इसके लिए भी नगर निगम की ओर से तैयारी की गई है। गांधी आश्रम को टैग लगाने को कहा गया है। गांधी आश्रम के संचालक अभिमन्यु सिंह का कहना है कि करीब 700 कंबलों में टैग लगा दिए गए हैं। नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद ने बताया कि कंबल के टेंडर की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली गई थी। अब ऑर्डर भी दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि सप्लाई लेने के लिए नगर निगम की ओर से पार्षदों को एक ऑर्डर पर्ची दी जाएगी। इसी पर्ची के आधार पर पार्षद गांधी आश्रम से कंबल प्राप्त कर सकेंगे।

वर्जन

कंबल की व्यवस्था दो से तीन दिन में कर ली जाएगी। इसके बाद कंबल बांटने का कार्य किया जाएगा। नगर निगम अपनी ओर से ठंड से बचाव की सभी तैयारियां कर रहा है।

- बीएन सिंह, नगर आयुक्त