शक होने पर चौकी प्रभारी ने ली तलाशी

लूट के कई मामलों को दे चुके अंजाम

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के झरना टोला पुलिस चौकी क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को अरेस्ट किया। उनके पास से लूट का मोबाइल, तमंचा और अवैध दो किलो गांजा बरामद हुआ। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों बदमाशों ने लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया है। वह किसी नई वारदात की फिराक में निकले थे। लेकिन पुलिस ने उनको दबोच लिया।

गश्त पर निकले थे चौकी प्रभारी

शुक्रवार शाम करीब पौने आठ बजे झरना टोला चौकी प्रभारी राजाराम द्विवेदी गश्त पर थे। तभी बाइक सवार दो युवकों को देखकर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने उनको रोकना चाहा तो दोनों भागने लगे। पुलिस कर्मचारियों ने पीछा करके बाइक सवारों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास तमंचा, कारतूस और झोले में रखा गांजा बरामद हुआ। माल बरामद होने पर पुलिस दोनों को थाने ले गई।

लूट के कई मामले, चल रही थी तलाश

पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान राजघाट एरिया के तुर्कमानपुर निवासी मोहम्मद शहजादे और निजामपुर के मुमताज अहमद के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि दोनों काफी शातिर बदमाश है। उनके खिलाफ लूट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। छह माह पूर्व दोनों ने शाहपुर एरिया में राहगीर का मोबाइल लूटा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि बदमाशों को शरण देने वालों की तलाश चल रही है।