पीआरवी ने बचाया, महिला को भोजन कराया

चौरीचौरा एरिया के करमहा रेलवे गेट की घटना

GORAKHPUR: भूख से बिलबिला रही महिला ने तीन साल की बच्ची संग ट्रेन से कट मरने का फैसला लिया। वह रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के आने का इंतजार करने लगी। लेकिन तभी किसी की नजर बच्चे संग लाइन पर घूम रही महिला पर पड़ी। राहगीर की सूचना पर पहुंचे पुलिस रिस्पांस व्हीकल के कर्मचारियों ने महिला को बचा लिया। सुसाइड करने की वजह पूछने पर पुलिस कर्मचारी भी हैरत में पड़ गए। तीन दिनों से भूखी महिला को जिदंगी से भली मौत लग रही थी। पुलिस कर्मचारियों ने महिला को चौरीचौरा थाना पुलिस को सौंप दिया।

राहगीर ने दी पुलिस को सूचना

चौरीचौरा के करमहा निवासी बिनिकेत कहीं जा रही थे। उनकी नजर करमहा रेलवे गेट के पास बच्चे संग घूम रही पर पड़ी। वह यह भांप गए कि महिला सुसाइड करने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही है। उन्होंने यूपी 100 को सूचना देकर महिला की जान बचाने की गुहार लगाई। बिनिकेत की सूचना पर चौरीचौरा की पीआरवी पीआरवी 0333 पहुंच गई। महिला को रेलवे ट्रैक से किनारे हटाकर पूछताछ करने लगी।

तीन दिनों से नहीं मिला भोजन

पुलिस की पूछताछ में महिला अपना नाम-पता नहीं बता रही थी। काफी प्रयास के बाद महिला बोली। उसने पुलिस को बताया कि तीन दिनों से वह बच्चे संग भूखे भटक रही है। कोई उसे खाना खिलाने को तैयार नहीं हो रहा था। भूख के कारण उसका बच्चा भी रोने लगता था। परिस्थितियों से लाचार होने की वजह से उसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था। भूख से तिल-तिल जीने के बजाय उसने ट्रेन से कटने का फैसला ले लिया। महिला की बात सुनकर पुलिस कर्मचारी रुआसे हो गए। उन लोगों ने उसे भोजन कराया। फिर उसे कार्रवाई के लिए चौरीचौरा थाना पहुंचा दिया।