DEHRADUN: राष्ट्रीय गोरखा मोर्चा पार्टी का रविवार को कांग्रेस में विलय हुआ। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने पार्टी के विलय पर राष्ट्रीय गोरखा मोर्चा पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। कहा कि राष्ट्रीय गोरखा मोर्चा पार्टी के कांग्रेस में विलय होने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव से लेकर आज तक बीजेपी लगातार झूठ बोलने के सिवाए कुछ नहीं किया। किशोर उपाध्याय ने गोरखा मोर्चा पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपेक्षा कि वे सोनिया गांधी व राहुल गांधी की भावना और कांगे्रस के नीतियों के अनुरूप संगठन को मजबूती प्रदान करने में सहयोग करेंगे। इस दौरान निवर्तमान मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि झूठ के सहारे केंद्र की सत्ता में आने के बाद नरेद्र मोदी सरकार उत्तराखंड की लगातार उपेक्षा कर रही थी। जब से केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार सत्तारूढ़ हुई है, मोदी और अमित शाह की जुगलबंदी एक सोची समझी रणनीति के तहत विपक्षी दलों की निर्वाचित प्रदेश सरकारों को षडयंत्र के तहत गिराने का काम कर रही है। इस दौरान राष्ट्रीय गोरखा मोर्चा पार्टी के अध्यक्ष जेबी कार्की, जोत सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पीएस कार्की, बलराम थापा, दिल विक्रम, परवीन राणा, चंद्र सिंह, कमलेश चंद्र आदि मौजूद रहे।