- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर बैठक की

LUCKNOW :

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ। महेंद्र नाथ पांडे की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक में आगामी 30 अप्रैल तक की संगठनात्मक कार्ययोजना तय की गई। प्रदेश सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों को संगठन और सरकार के समन्वय से जनता के बीच ले जाने का निर्णय हुआ। गांव, वार्ड, बूथ तक सरकार की उपलब्धियां लेकर कार्यकर्ता पहुंचेंगे। इस कार्य में सभी पदाधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से लगाया गया है। इस बाबत 14, 15, 16 मार्च को प्रदेश के सभी जनपदों में जिला कार्यशाला आयोजित होगी।

प्रदेश कार्यसमिति आगरा में

डॉ। पांडे इससे पहले 15 मार्च को फर्रुखाबाद एवं 16 मार्च को कन्नौज में कार्यशालाओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल कानपुर व बरेली एवं प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक सोनभद्र व भदोही सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी प्रवास पर रहेंगे। 17 मार्च को प्रदेश के सभी मंडलाें में एक साथ बैठक करने का निर्णय लिया गया। वहीं पार्टी प्रदेश कार्यसमिति आगामी सात व आठ अप्रैल को आगरा में आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि जिलों की टीमें अच्छा काम रही है, इसलिए उन्हें बदलने की आवश्यकता नहीं है। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा यूपी में सभी 80 सीटों पर विजय पताका फहराएगी। मोदी सरकार एवं योगी सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के महाभियान में भाजपा परिवार एवं सरकार जुटेगी। बैठक में पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।