- दाउदपुर स्थित क्षेत्रीय उच्च शिक्षा कार्यालय भारी जल जमाव का शिकार

- जरा सी बरसात में ही परिसर सहित कमरों में भर जाता है पानी

GORAKHPUR: गली-मोहल्लों में जल जमाव पर जिम्मेदारों की उदासीनता तो आए दिन की बात है। लेकिन तब क्या कहा जाए जब सरकारी विभाग ही इस समस्या को झेल रहा हो। दाउदपुर स्थित क्षेत्रीय उच्च शिक्षा कार्यालय इसी दुर्दशा का शिकार चल रहा है। परिसर में लगे जल जमाव का आलम ये कि यहां के सारे सरकारी कार्य प्रभावित हो चुके हैं। बरसात के बाद यहां के सात कमरों में पानी भर गया है जिससे कर्मचारी काफी परेशानी में हैं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट रिपोर्टर ने जाना मौके का हाल।

पानी के बीच ही चल रहा कार्य

जब दैनिक जागरण आई नेक्स्ट रिपोर्टर दाउदपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचा तो मुख्य गेट पर ही भारी जल जमाव मिला। किसी तरह कर्मचारी बाहर निकल रहे थे। अंदर का नजारा और हैरान करने वाला था। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में पानी भरा हुआ था। कुर्सियां और टेबल बिखरे हुए थे। बगल के कमरे में भी लबालब पानी भरा मिला। उसी गंदे पानी में पैर ऊपर कर कर्मचारी अपने कंप्यूटर पर कार्य करते दिखा। कर्मचारी ने बताया कि यह दफ्तर बहुत पुराना है। थोड़ी भी बारिश में दफ्तर के कमरों तक में पानी घुस जाता है। वहीं, कुछ कर्मचारी सरकारी दस्तावेज का बंडल बनाकर छज्जे पर रखते मिले। उन्होंने बताया कि इतना पानी भर गया है कि सीलन हो गई है। सारे दस्तावेज भीग रहे हैं जिन्हें सुरक्षित करने के लिए पोटली बनाकर छज्जे पर रखा जा रहा है।

10 साल से है परेशानी

क्षेत्रीय उच्च शिक्षा कार्यालय 1981 से किराए के भवन में चल रहा है। इस कार्यालय से गोरखपुर व बस्ती मंडल के सभी सरकारी व गैर सरकारी कॉलेजों के कार्य होते हैं। डीडीयूजीयू और सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति से लगाए उनके सभी डाक्यूमेंट्स यहीं रखे गए हैं। करीब 3500 से ऊपर कर्मचारियों के सर्विस रिकॉर्ड भी यहां हैं। किसी कर्मचारी या शिक्षक को अगर पीएफ, जीपीएफ से संबंधित कोई जानकारी यहीं से मिलती है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ। राजीव पांडेय बताते हैं कि पिछले दस साल से यहां जल जमाव की समस्या बनी रहती है। किराए का भवन है इसलिए दिक्कत ज्यादा है।

ये काम होते हैं

- जीपीएफ संबंधित कार्य

- कर्मचारियों के नियुक्ति के परमिशन

- कोचिंग सेंटर्स का रजिस्ट्रेशन

- कर्मचारियों के वेतन निर्धारण का काम

प्वॉइंट टू बी नोटेड

- 31 अशासकीय सहायता प्राप्त कॉलेज का पेमेंट यहां से होता है।

- 14 राजकीय गवर्नमेंट कॉलेज का पूरा विवरण और कर्मचारियों की डीटेल हैं यहां।

- 410 सेल्फ फाइनेंस कॉलेज के टीचर्स व कर्मचारियों का लेखा जोखा।

अधिकारी व कर्मचारियों को होने वाली समस्याएं

- करंट का रहता है खतरा

- आलमारी डूब जाने से फाइल निकालने में होती है दिक्कत

- सांप का सताता है डर

- संक्रामक बीमारियों का बढ़ जाता है खतरा

- लंच करने में होती है प्रॉब्लम

वर्जन

गोरखपुर-बस्ती मंडल में आने वाले सात जिलों का कार्य यहां होता है। यहां सभी कमरों में पानी लगा हुआ है। इसकी रिपोर्ट प्रशासन और शासन को भेजा गया है, लेकिन अभी तक कोई रिस्पांस नहीं आया है।

- डॉ। राजीव पांडेय, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, गोरखपुर