आई नेक्स्ट इम्पैक्ट

- नगर निगम के कार्यालय में सुधरी व्यवस्था, टाइम पर पहुंचे अधिकारी

- लेट से पहुंचने वाले कर्मचारियों के काटे जाएंगे वेतन

- आई नेक्स्ट के रिएलिटी चेक में कार्यालय से गायब मिले थे अधिकारी-कर्मचारी

GORAKHPUR: नगर निगम कार्यालय में बुधवार को हालात बदले नजर आए। सभी अधिकारी तय समय 10 बजे ही ऑफिस पहुंच गए। नगर आयुक्त के आदेश पर नगर निगम अधिष्ठान प्रभारी व लेखाधिकारी बृजेश सिंह ने 10.10 बजे सभी विभागों का रजिस्टर अपने पास मंगा लिया। 10.15 के बाद आने वाले कर्मचारियों के नाम के सामने क्रॉस लगा दिया। इन सभी के वेतन काटे जाएंगे। मंगलवार को इसी कार्यालय में पब्लिक इंतजार कर लौट गई और जनता दरबार में काफी देर तक अधिकारी नहीं पहुंचे थे। आई नेक्स्ट ने इसका रिएलिटी चेक कर 'लगा जनता दरबार, साहब का इंतजार' हेडिंग से न्यूज पब्लिश की। जिसके बाद बुधवार को पूरा माहौल बदल गया।

नहीं होती थी मॉनिटरिंग

लेखाधिकारी ने बुधवार को सभी विभागों के बड़े बाबुओं को बुलाया और रजिस्टर की जांच की। जांच में हैरानी वाली बात यह रही कि किसी भी रजिस्टर की विभागाध्यक्षों द्वारा कभी जांच नहंी की गई थी। यानी कर्मचारी कब आते-जाते रहे और कब उपस्थिति बनाते रहे, इसकी मॉनिटरिंग तक नहीं हो रही थी। टैक्स विभाग का रजिस्टर तो किसी बाबू ने अपनी आलमारी में बंद कर रखा था। पता चला कि वह खुद डेली 12 बजे ऑफिस पहुंचता है। इसके बाद लेखाधिकारी ने आदेश दिया कि अब सभी विभाग के रजिस्टर मुख्य कार्यालय में ही रखे जाएंगे। सभी कर्मचारी मुख्य कार्यालय में ही हाजिरी बनाएंगे।

वर्जन

नगर आयुक्त के आदेश के बाद सभी विभागों के रजिस्टर मंगाकर जांच की जा रही है। आज जो भी लेट पहुंचा, उसके नाम के आगे लाल क्रास कर दिया गया है। उनसे स्पष्टीकरण की मांग की जाएगी। इनका एक दिन का वेतन भी काटा जाएगा।

- बृजेश सिंह, प्रभारी अधिष्ठान व लेखाधिकारी नगर निगम