- रायफल से चली गोली में पिता की मौत, बेटा घायल

- बांसगांव एरिया के कनईचा की घटना, पुलिस कर रही तलाश

GORAKHPUR : ग्राम पंचायत की भूमि पर सड़क बनवाने के विवाद में प्रधान ने रायफल से गोली दाग दी। हमले में सड़क का विरोध कर रहे रामनारायण राय की मौत हो गई। उनका बेटा सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी प्रधान फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगी है। प्रधान के खिलाफ पहले भी गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस उसका क्रिमिनल रिकार्ड खोज रही है।

घर के पीछे चकरोड बनाने का कर रहे थे विरोध

कनईचा निवासी रामनारायण कौड़ीराम में हार्डवेयर की शॉप चलाते हैं। बगल में रहने वाले जयचंद से भूमि का विवाद चल रहा है। विवादित भूमि के बीच कनईचा का प्रधान दीपक राय चकरोड बनवा रहा था। रामनारायण के घर के पीछे चकरोड का निर्माण शुरू हुआ। विवादित भूमि के बीच से रास्ता निकालने का रामनारायण ने विरोध कर दिया। चार-पांच दिनों से सड़क पटवाने की कोशिश चल रही थी। थर्सडे को सड़क का कंस्ट्रक्शन शुरू हुआ तो रामनारायण ने विरोध शुरू कर दिया। इसको लेकर कहासुनी हुई। शाम चार बजे फिर दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए। रामनारायण ने कहाकि उनकी भूमि पर जबरन सड़क बनाई जा रही है। प्रधान ने कहा ग्राम पंचायत की भूमि पर मिट्टी पटाई की जा रही है।

बाइक से रायफल लेकर पहुंचा प्रधान, चलाई गोलियां

सड़क बनाने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। प्रधान के साथ आए लोग मारपीट में शामिल हो गए। रामनारायण की तरफ से भी कुछ लोग आ गए। रामनारायण के बेटे सोनू की राड से पिटाई की गई। आरोप है कि मारपीट होने पर दीपक कहीं चला गया। दोबारा रायफल लेकर पहुंचा और ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी। हमले में रामनारायण के सीने में गोली लगी। उसका बेटा भी घायल हो गया। दोनों को आनन फानन में कौड़ीराम पीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाने की सलाह दी। नौसढ़ के पास पहुंचे तो रामनारायण की सांसे थम गई। डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने उनको डेड बताया। डेड बॉडी को मर्चरी में रखवा दिया गया।

जयचंद और रामनारायण का भूमि विवाद चल रहा है। विवादित भूमि के बीच से प्रधान ने सड़क का निर्माण शुरू कराया। इसका विरोध करने को लेकर विवाद होने पर प्रधान ने गोली दाग दी। इस मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। आरोपी प्रधान की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

ब्रजेश सिंह, एसपी ग्रामीण