- लड़के के पिता को बंधक बना लड़की वालों ने लिया दहेज

- शादी में हुए खर्च वापस करने के लिए भी बनाया दबाव

- गांव की ही महिला पर जान-बुझकर मिर्गी के रोगी भतीजे से शादी लगाने का आरोप

PIPRAICH: पिपराइच क्षेत्र के जंगल सुभानअली टोला खोड़हवा में सोमवार को विदाई के ऐन वक्त लड़के को मिर्गी का दौरा पड़ गया। कार में लड़की व उसकी सहेलियां बैठ गई थीं। लेकिन दूल्हे को मिर्गी की जानकारी होते हुए सहेलियां दुल्हन को लेकर कार से उतर गई। लड़की पक्ष ने दूल्हे के पिता को बंधक बनाकर दहेज दिए रुपए वापस ले लिए। अब शादी पर हुए खर्च के लिए दबाव बनाया जा रहा है। लड़की के घर में सभी सदमे में हैं। आरोप है कि गांव की ही एक महिला ने अपने भतीजे से शादी तय करा दी और उसकी बीमारी की बात छुपा ली।

रविवार की रात आई बारात

खोड़हवा निवासी तूफानी की बेटी की शादी गुलरिया मौजा बुढाडीह निवासी रामदास के बेटे कन्हैया के साथ कुछ महीने पहले तय हुई। रविवार की रात बारात आई। तूफानी और परिजनों ने बारातियों का जोरदार स्वागत किया। बौद्ध धर्म से रात में शादी का कार्यक्रम संपन्न हो रहा था।

कुर्सी से गिरा दूल्हा

दूल्हे कन्हैया का परछावन महिलाएं कर रही थीं। इसी बीच दूल्हा कुर्सी से गिर गया। उसके मुंह से झाग आने लगा। वह बेहोश हो गया। महिलाएं समझीं कि गर्मी के कारण दूल्हा बेहोश हो गया। ठंडा पानी से सिर धोया गया। होश में आने पर परछावन का कार्यक्रम हुआ।

दुबारा पड़ा दौरा

इसके बाद विदाई की रस्म पूरी की जाने लगी। लड़की को पहले ही सहेलियों ने कार में बिठा दिया। उसके साथ जाने के लिए एक-दो लड़कियां कार में ही बैठी थीं। दूल्हा गाड़ी में बैठने ही जा रहा था कि नीचे गिर गया। घराती दूल्हे को चप्पल सुंघाए और होश में आने पर गाड़ी में बैठा दिया।

तीसरे दौरे पर चिल्लाई लड़कियां

अभी गाड़ी स्टार्ट भी नहीं हुई थी कि दूल्हे को फिर दौरा पड़ गया। उसके मुंह से झाग निकलने लगा। कुछ ही देर में देह में ऐठन होने लगी और मुंह से झाग के साथ खून आने लगा। इस पर दुल्हन की सहेलियां चिल्लाने लगीं। सभी घबरा गए। दूल्हा के घर वालों ने फिर चप्पल सुंघाकर उसे होश में लाया लेकिन तब तक पूरा शोर मच गया।

टूटी शादी

सहेलियां दुल्हन को लेकर कार से उतर गई। बाराती दूल्हे को लेकर मेडिकल कॉलेज भागे। विदाई से पहले से लड़की वालों ने सामान से भरी गाड़ी दूल्हे के घर भिजवा दी थी जो उसके घर पर पहुंच गई थी। कॉल कर गाड़ी वापस मंगा ली। दूल्हे के पिता को बंधकर बनाकर दहेज में दी गई राशि वसूल कर ली। अब लोग बारात के स्वागत व अन्य तैयारियों में खर्च हुई राशि के लिए दूल्हे के परिवार पर दबाव बना रहे हैं।