- दुल्हन के घर वाले लगुन लेकर पहुंचे तो दूल्हा गायब मिला

- सेविंग तो कभी कपड़े का बहाना बनाते रहे दूल्हे के घरवाले

आगरा। बिटिया के पीले हाथों को देख-देखकर घरवाले खुश हो रहे थे। घर-परिवार में उत्साह का माहौल था। बधाईयों का दौर था तो महिला संगीत का शोर भी। लेकिन दूल्हे की डिमांड ने बिटिया के घर की सारी खुशियां छीन लीं। दूल्हे ने लगुन लेकर पहुंचे कन्या पक्ष के लोगों से कार और तीन लाख कैश की डिमांड कर डाली। पिता के पसीने छूट गए और अन्य लोग भी हैरत में रह गए। अब उन्होंने दूल्हा पक्ष को सबक सिखाने को थाने की शरण ली है।

दो साल पहले तय हुआ रिश्ता

छत्ता थाना निवासी युवती की शादी दो वर्ष पहले एत्मादउद्दौला क्षेत्र निवासी युवक से तय हुई थी। युवक प्राइवेट जॉब करता है। युवती के मामा ने बताया पिछले दो साल से लड़का पक्ष के यहां पर त्योहार भिजवाते रहे हैं। दिवाली से पूर्व लड़के को एक लाख के जेवर और एक लाख कैश दिया। 29 नवंबर को लगुन व तीन दिसंबर को शादी है।

परिजनों ने की सारी तैयारी

लड़की के परिजनों के अनुसार लड़का लगुन से तीन दिन पहले से लड़की व उसकी मां को कॉल कर तीन लाख रुपए व कार की डिमांड करता रहा। वह कार व रुपयों से अपना कुछ रोजगार करना चाहता है। दूल्हे की इस डिमांड पर कतई राजी नहीं हुए। इधर, लड़की पक्ष ने शादी के लिए धर्मशाला व अन्य बुक करा दिया है। एडवांस भी दे चुके हैं। परिजन 71000 में धर्मशाला व एक लाख से अधिक का दहेज का सारा सामान खरीद चुके हैं।

लगुन के दिन गायब दूल्हा

29 नवंबर को लड़की पक्ष के लोग लगुन लेकर वर पक्ष के पहुंच गए। जाते ही तैयारी के बारे में पूछा तो किसी ने कुछ नहीं बताया। लड़की पक्ष तैयारी करने लगा। लड़की के पिता ने लड़के के बारे में पूछा तो बताया कि वह सेविंग कराने गया है। दो घंटे बाद फिर पूछा तो कहा कि कपड़े लेने गया है। फिर लंबा समय बीत गया, लेकिन दूल्हा नहीं आया। उसके परिजन बार-बार लड़की पक्ष को गुमराह कर रहे थे।

थाने में दी तहरीर

रात 12 बजे तक लड़की पक्ष ने इंतजार किया इसके बाद पानी सिर से ऊपर हो गया। फिर पूछा तो कहा गया कि लड़के को एक कार व तीन लाख रुपये चाहिए यदि दे सकते हैं तो शादी होगी। इस पर लड़की पक्ष के लोगों ने सौ नम्बर पर पुलिस को सूचना दे दी। लड़की पक्ष ने थाना एत्मादउद्दौला में तहरीर दी है।

सारा खर्चा देना होगा दूल्हे को

लड़की के परिजनों का कहना था कि वह शुरु से इस संबंध में काफी खर्चा कर चुके हैं। घर में रिश्तेदारों की भीड़ है, हलवाई लग चुका है। हर कार्यक्रम का एडवांस दे चुके हैं। दहेज का सारा सामान तैयार है। परिजनों के मुताबिक अब वह भी उस लड़के से शादी नहीं करना चाहते लेकिन लड़के को सारा सामान वापस करना होगा। वह उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा कर रहेंगे। बुधवार को लड़की पक्ष के यहां पर महिला संगीत होना था। सुबह पुलिस लड़के के घर पर गई थी, लेकिन सिर्फ महिलाएं मिली जबकि पुरुष घर से गायब थे।