-रायपुरवा के भन्नानापुरवा में रहता था, गन फैक्ट्री में काम करता था

-बर्रा की एक प्रॉपर्टी पर दबंगों के कब्जा करने से चल रहा था परेशान

KANPUR: रायपुरवा में शनिवार को आर्डिनेंस फैक्ट्री कर्मी ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस आर्थिक तंगी के चलते सुसाइड मान रही है, जबकि परिजनों ने दबंगों पर उनको आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दबंगों ने उनकी प्रॉपर्टी में कब्जा कर लिया था। जिससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। परिजन ने दबंगों के खिलाफ थाने में तहरीर देने के लिए कहा है।

नहीं हो रही थी सुनवाई

रायपुरवा के भन्नानापुरवा इलाके में रहने वाले राम सजीवन (44) गन फैक्ट्री में पेंटर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी रीता और तीन बच्चे हैं। उन्होंने बर्रा में एक प्लॉट खरीदा था। जिस पर कुछ दबंगों ने कब्जा कर लिया था। वो कब्जा खाली कराने के लिए थाने के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इधर, पैरोकारी करने में उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी। जिससे परेशान होकर उन्होंने शनिवार को फांसी लगाकर जान दे दी। उनका शव दुपट्टे के सहारे धन्नी से लटका मिला। एसओ का कहना है कि पुलिस पड़ताल कर रही है। प्रथम दृष्टया आर्थिक तंगी से सुसाइड का मामला प्रतीत हो रहा है। अगर परिजन तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।