- नगर निगम कराएगा शहर के 200 हैंडपंप का रिबोर

मेरठ। आखिरकार नगर निगम को खराब हैंडपंप की याद आ ही गई। वो अलग बात है कि गर्मी खत्म होने तक उन हैंडपंप से पानी निकलना शुरू हो जाएगा। नगर निगम शहर के 200 हैंडपंप को रिबोर कराएगा। नगर आयुक्त ने जलकल विभाग से 200 खराब हैंडपंप की सूची मांगी है। जल्द ही इसका टेंडर रिबोर कराने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

1300 हैंडपंप से नहीं निकलेगा पानी

शहर में 1500 हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। लेकिन नगर निगम अभी केवल 200 हैंडपंप ही ठीक करा रहा है। शेष 1300 हैंडपंप को इस साल पानी नहीं निकलेगा। क्योंकि जब तक यह 200 हैंडपंप रिबोर होकर शुरू होंगे तब तक गर्मी निकल चुकी होगी। वैसे शहर में कुल 8850 हैंडपंप हैं।

पार्षदों से मांगी थी सूची

हैंडपंप को रिबोर कराने के लिए निगम ने अप्रैल माह में ही पार्षदों से खराब हैंडपंप की सूची मांग ली थी। लेकिन पांच माह बाद नगर निगम को हैंडपंप को ठीक कराने की याद आई।

खराब हैंडपंप को ठीक कराया जाएगा। 200 हैंडपंप की सूची मांगी गई है। जल्द ही इनका टेंडर कर रिबोर का काम शुरू करा दिया जाएगा। शेष को भी जल्द ठीक कराया जाएगा।

मनोज कुमार चौहान, नगर आयुक्त