RANCHI : अगले 24 घंटे के दौरान रांची में अच्छी बारिश होने की संभावना है। बे ऑफ बंगाल में बने साइक्लोनिक प्रेशर की वजह से पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में घने बादल बन रहे हैं। ऐसे में अगले दो दिनों तक बारिश होने के आसार हैं। पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने से राज्य के कई इलाकों में जहां सूखे की स्थिति बन रही है, वहीं जल संकट गहराने की भी आशंका पैदा हो गई है। लौटती मॉनसून में अगर बारिश होती है तो इससे तपिश से राहत मिलने के साथ फसल को भी फायदा पहुंचेंगा।

टेंपरेचर 30 डिग्री सेल्सियस के पार

लौटती मॉनसून के दगा देने की वजह से मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। बारिश नहीं होने से तापमान में भी उछाल आया है। पिछले कुछ दिनों से रांची का अधिकतम तापमान जहां 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रह रहा है, वहीं न्यूनतम तापमान भी 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच स्थिर है। ऐसे में तपिश की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गौरतलब है कि इस साल झारखंड में मॉनसून ने देर से दस्तक दी थी। जुलाई में अच्छी बारिश हुई तो अगस्त में सामान्य से कम। सितंबर बारिश के लिहाज से सबसे कमजोर महीना साबित हुआ। इस महीने बारिश नहीं होने से पूरे राज्य में सूखे की स्थिति पैदा हो गई है।

गिरेगा तापमान, ठंड देगी दस्तक

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 48 घंटे के दौैरान बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी। इससे मौसम में ठंडक आएगी और लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास होगा। यह बारिश रबी की फसलों के लिए भी फायदेमंद होगा और तेजी से गिर रहे जल स्तर को रोकने में भी कारगर होगा।

अगले पांच दिनों का कैसा रहेगा मौसम

तारीख न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

9 अक्टूबर 22 34

10 अक्टूबर 22 34

11 अक्टूबर 21 33

12 अक्टूबर 21 32

13 अक्टूबर 20 31