मतदान के बाद मुंडेरा मंडी में रखी गई हैं EVM

DM ने किया मुंडेरा मंडी का किया inspection

व्यापारियों को दिया भरोसा, शनिवार से करें व्यापार

ALLAHABAD: इलाहाबाद की 12 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने वाले 181 प्रत्याशियों के किस्मत की चाबी की सिक्योरिटी अब प्रशासन की टॉप प्रायोरिटी हो गई है। पूरी मंडी की चारों तरफ से घेराबंदी करके सुरक्षा का जिम्मा पैरामिलिट्री के जवानों को सौंप दिया गया है। अत्याधुनिक असलहों से लैस जवान किसी भी स्थिति से निबटने के लिए तैयार हैं। शुक्रवार को यहां निरीक्षण करने के लिए पहुंचे जिलाधिकारी संजय कुमार ने व्यवस्था का जायजा लिया और सुरक्षाबलों से हर पल एलर्ट रहने को कहा। डीएम ने यहां व्यापारियों की समस्याओं को भी सुना और उन्हें हो रहे भारी नुकसान को देखते हुए शनिवार से व्यापार करने की छूट दे दी।

CCTV से हर कोने की निगरानी

इंस्पेक्शन के लिए पहुंचे डीएम ने स्ट्रांग रूम के चारों ओर का एरिया देखा और फिर उस कंट्रोल रूम तक पहुंचे जहां से हर कोने पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। डीएम ने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों के एंगल चेक किए। उन्होंने कमियों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि मुंडेरा मंडी के चप्पे चप्पे पर नजर रखी जाए। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। बताया गया कि डार्क रूम के चारों ओर जोरदार लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। डीएम ने बताया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा आईटीबीपी, आर्मी, पीएसी के हाथों में है। बता दें कि 11 मार्च को मतगणना होनी है।

बाक्स

विरोध जताने पर मिली परमिशन

उधर, सुरक्षा व्यवस्था के चलते शुक्रवार को व्यापारियों को मंडी के भीतर नही घुसने दिया गया। इसको लेकर व्यापारी नाराज हो गए और सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शन करने लगे। जायजा लेने पहुंचे डीएम और मंडी सचिव के सामने व्यापारियों ने अपनी बात रखी तो उन्हें शनिवार से मंडी में व्यापार करने की परमिशन दे दी गई। फल व्यापार एसोसिएशन के महामंत्री बच्चा यादव ने बताया कि गुरुवार को मंडी बंद थी और शुक्रवार को भी व्यापार नही होने से हम लोगों का लाखों का नुकसान हो गया। बाहर से आया हुआ माल खराब हो रहा था। ऐसे में डीएम और मंडी सचिव से मंडी में व्यापार करने की अनुमति मांग ली गई। उन्होंने बताया कि अब दस मार्च व्यापारी काम कर सकेंगे और 11 मार्च केा मतगणना के चलते मंडी बंद रहेगी। डीएम के समक्ष विरोध प्रदर्शन करने वालों में दो से ढाई सौ व्यापारी शामिल रहे।

गुरुवार को मंडी बंद थी और शुक्रवार को भी व्यापार नही होने से हम लोगों का लाखों का नुकसान हो गया। बाहर से आया हुआ माल खराब हो रहा था। इस स्थिति से डीएम को अवगत कराया गया तो उन्होंने शनिवार से व्यापार की अनुमति दे दी है।

बच्चा यादव

महामंत्री, फल व्यापार एसोसिएशन

स्ट्रांग रूम की सुरक्षा आईटीबीपी, आर्मी, पीएसी के हाथों में है। चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम से हर एरिया पर नजर रखी जा रही है।

संजय कुमार

डीएम, इलाहाबाद