- नाम और नम्बर के बाद रेलवे बोर्ड कर चुका है टाइमिंग शिड्यूल जारी

- कमिश्नर सेफ्टी सर्टिफिकेट के लिए नवंबर से किया जा रहा था इंतजार

आगरा। आगरा-दिल्ली के बीच प्रस्तावित गतिमान एक्सप्रेस को आखिरकार कमिश्नर का सेफ्टी सर्टिफिकेट मिल ही गया। सेफ्टी सर्टिफिकेट के लिए नवंबर से इंतजार किया जा रहा था। रेलवे बोर्ड की हरी झंडी मिलते ही गतिमान एक्सप्रेस आगरा-दिल्ली के बीच दूरी तय करने लगेगी।

लंबे समय से था इंतजार

गतिमान एक्सप्रेस के संचालन के लिए नवंबर से ही सीआरएस के सेफ्टी सर्टिफिकेट का इंतजार किया जा रहा था। दो दिन पहले इसको सेफ्टी सर्टिफिकेट जारी किया गया है। अब रेलवे बोर्ड की हरी झंडी का इंतजार है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की मानें तो नए साल के पहले सप्ताह में गतिमान एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरु हो सकता है। बीते बुधवार को इसके एलएचबी कोच का ट्रायल किया गया। इसमें कोहरे की धुंध के चलते ये गतिमान एक्सप्रेस 11.10 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 1.38 बजे आगरा कैंट के चौथे प्लेटफॉर्म पर पहुंची।

26 दिसम्बर को होगा कोच का ट्रायल

रेलवे प्रशासन 26 दिसंबर को नए कोच का ट्रायल करेगा। अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल में कमियां मिलने पर उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। इसमें अभी कुछ क्वैरी हैं जिसमें एक्जीक्यूटिव चेयरकार पॉवर कार आदि के मानक अलग-अलग हैं। उनको रिसर्च डिजायन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन द्वारा दूर किया जाना है। इसके बाद रेलवे बोर्ड इसके संचालन की अनुमति देगा।

बॉक्स पोइंटर-

ये हो चुका है पूर्व में-

- हाईस्पीड ट्रेन का नाम गतिमान एक्सप्रेस

- दिल्ली से आने वाली गाड़ी का नंबर 12049

- आगरा से जाने वाली गाड़ी का नंबर 12050

- कपूरथला में एलएचबी और जर्क फ्री कपलर कोच तैयार

- कोच हैं 160 से 200 किमी। के हिसाब से तैयार

- कोच में फायर डिटेक्टर ऑटोमेटिक गेट

- पैंसेजर इंफोरमेशन डिस्प्ले सिस्टम और वाई-फाई फेसिलिटी

- नई दिल्ली से सुबह आठ बजे चलेगी।

- आगरा कैंट पर 9:45 पर आएगी।

- शाम साढ़े पांच बजे से कैंट से दिल्ली जाएगी

- रात 7 बजकर 15 मिनट पर पहुंचेगी दिल्ली

- 105 मिनट में 160 किमी। प्रति घंटे से दौड़ेगी

प्रभात कुमार वाजपेयी, सेफ्टी कमिश्नर ने बताया कि हमने सेफ्टी सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। ट्रेन का संचालन नॉर्दन रेलवे द्वारा किया जाना है, कुछ आपत्तियां हैं उनको दूर किया जाना है। संचालन का फैसला रेलवे बोर्ड को लेना है।