-होटल मौर्या के पास ग‌र्ल्स को बाइकर्स ने छेड़ा, नशे में थे धुत

-गांधी मैदान थाने में लड़कियों ने दर्ज कराया मामला

PATNA : फ्रेजर रोड में होटल मौर्या के पास दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। मामला लड़की से छेड़खानी का है। शाम में एक रेस्टोरेंट से खाकर लड़कियां जैसे ही निकली, बाइक पर सवार आठ दस की संख्या में लड़कों ने उन्हें छेड़ दिया। इसके बाद बात बढ़ गई। इन लड़कियों को बचाने दो लड़के आए, उन्हें भी बाइकर्स ने जमकर पीट दिया। फिर क्या था मामला और गर्म हो गया और फ्रेजर रोड से लेकर गांधी मैदान थाने तक बवाल होता रहा। थाने में भी ग‌र्ल्स ने जमकर बवाल किया। इसमें बचाने आए दो लड़कों को चोट लगी इसमें एक शास्त्रीनगर का रहने वाला शिवकुमार मंगलम है, जबकि दूसरा सगुना का रहने वाला कुंदन है। मिली जानकारी के मुताबिक कुंदन के पिता फॉरेस्ट आफिसर हैं। एक लड़की शास्त्रीनगर की, जबकि दूसरी पत्थर की मस्जिद इलाके की रहने वाली है।

थाने में होता रहा घंटों हंगामा

घटना की जानकारी के बाद पुलिस पहुंची, तो सभी को थाने लाया गया। इन लड़कियों ने पुलिस को बताया कि बाइक पर सवार लड़के नशे में थे और हाथ में बोतल भी लिए थे। वे लोग स्कूटी लेने जा रही थी इसी दौरान सभी आए और छेड़खानी मारपीट की। बचाने आए लड़कों की पिटाई बेल्ट से की गई। पर्स और मोबाइल भी छीनने का आरोप भी लड़कियों ने लगाया। लड़कों की पिटाई बेल्ट से की गई। इन लड़कियों ने आदित्य राज सहित आठ दस लड़कों पर मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाया। आदित्य की भी लड़ाई में सिर फट गया। वह नेहरू नगर पाटलिपुत्रा का रहने वाला है। बताया जाता है उसके पिता अमरेन्द्र कुमार बिल्डर हैं। उसका हाथ पहले से ही टूटा हुआ था। थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़कियों की एफआईआर दर्ज की गई है। सभी को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया है। लड़के और लड़कियां नशे में थे। आदित्य को डिटेन किया गया है, पूछताछ हो रही है।