-सदर सांसद व नगर विधायक ने पूजा-अर्चना कर किया शोभायात्रा का शुभारंभ

GORAKHPUR: रंग की फुहारों के बीच मंगलवार को होलिका दहन की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। होलिका दहन उत्सव समिति के तत्वावधान में पांडेयहाता में आयोजित शोभायात्रा का शुभारंभ गोरक्षपीठाधीश्वर व सदर सांसद महंत योगी आदित्यनाथ और नगर विधायक डॉ। राधा मोहन दास अग्रवाल ने पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई। यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रंग-अबीर-गुलाल से सराबोर होली गीत गाते चले श्रद्धालु लोगों के आकर्षण के केन्द्र थे।

यहां से गुजरी शोभायात्रा

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निकलने वाली शोभायात्रा पाण्डेयहाता से शुरू होकर घंटाघर, मदरसा चौक, लालडिग्गी, घासी कटरा, जाफरा बाजार, बेनीगंज, आर्यनगर, बक्शीपुर, नखास चौक, रेती चौक, नार्मल होते हुए पाण्डेयहाता स्थित होलिकोत्सव स्थल पर पहुंच कर समाप्त हुई। पूरे रास्ते में लोग फाग और होली का गीत गा रहे थे। अंत में भक्त प्रहलाद का जयघोष गूंज रहा था। प्रोग्राम में प्रमुख रूप से ओम प्रकाश पटवा, राम प्रकाश गुप्ता, समय प्रसाद पटवा, विजय पटवा, लोकेश पटवा व अश्वनी आर्य सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

भोर में जलाई गई होली

होली की पूर्व संध्या पर परंपरागत रूप से बुधवार की भोर 3.18 मिनट से लेकर सूर्योदय के पहले बने शुभ मुहूर्त में धूमधाम से होलिका दहन हुआ। शहर में लगभग 350 से अधिक स्थानों पर होलिका अलग-अलग समयों पर धू-धू कर जली। पंडितों ने होलिका दहन के पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका का पूजन-अर्चन किया और उसके बाद पुरोहित या मोहल्ले के बुजुर्गो ने होलिका में आग लगाई। लोगों ने झिल्ली (शरीर में लगाये गये सरसों के बुकवा से छूटी मैल) डाल भगवान से प्रार्थना की।