- रंग और गुलाल लगा कर खुशियां की सेलीब्रेट

BAREILLY:

होली की मस्ती शहरवासियों पर खूब छाई। शहर में मंडे को होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जगह-जगह युवाओं की टोलियों ने नाच गाकर एक दूसरे को अबीर -गुलाल लगाकर पर्व का आनंद लिया। गीले रंगों से सड़कें भी लाल, हरे रंग में रंग गई। बाजार, मोहल्ला सभी जगह सुबह से ही होली की खुमारी छाने लगी। समय बीतने के साथ ही लोगों का उत्साह बढ़ता चला गया और इस पर्व के रंग में रंगने लगे।

फगुआ गीतों पर झूमा शहर

मोहल्लों में बच्चे सुबह से ही एक-दूसरे को गुलाल और रंग लगाने में जुट गए। होली को लेकर पहले से ही उत्साहित बच्चे घरों में रोके नहीं रूके, उन्होंने दोपहर तक गीले रंगों से खूब होली खेली। महिलाओं ने भी घर-घर जाकर होली की खुशियों को सेलीब्रेट किया। मंडे को चहुंओर बस होली की खुमारी देखने को मिली। डीजे की धुन पर नाचने-गाने के साथ ही पारम्परिक तरीके से भी लोगों ने होली का आनंद लिया। ढोल, नगाढ़े झाल की ताल पर लोगों ने फगुआ के गीत गाये।

पारम्परिक परिधान में मनाई होली

वहीं विभिन्न समितियों, संस्थाओं और संगठनों की ओर से होली मनाई गई। मंडे को पंजाबी महासभा की तरफ से गुलाबराय इंटर कॉलेज में होली मिलाप शिविर का आयोजन हुआ। पंजाबी महासभा के पदाधिकारी एवं पंजाबी महासभा की महिला इकाई की महिलाओं ने परम्परागत वेश-भूषा में होली सेलीब्रेट किया। इस मौके पर महासभा के अध्यक्ष पवन अरोड़ा, चेयरमैन दुष्यंत कोहली, महामंत्र संजय आनंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

होली मिलन समारोह

ट्यूजडे को कई जगहों पर होली मनाई गई। पुलिस थानों और आईजी आवास पर जमकर पुलिस जवानों ने होली खेली। एक-दूसरे पर गुलाल और रंग डाला। वहीं दि हिन्दू सोशल सर्विस ट्रस्ट की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन गुलाबराय इंटर कॉलेज में किया गया। इस मौके पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार, शहर विधायक डॉ। अरुण कुमार, वसीम बरेलवी, भगवत सरन गंगवार, श्याम बिहारी, पप्पू भरतौल, शुभलेश यादव जेसी पालीवाल और दैनिक जागरण के जीएम मुदित चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।