- पूरे दिन नजर आएगा मस्ती और उल्लास का समां

GORAKHPUR: पूरे साल के इंतजार के बाद आज रंगों का त्योहार होली धूमधाम से मनाया जाएगा। लोग एक दूसरे को सुबह रंगों से नहलाएंगे और शाम को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई देंगे। मोहल्ले की गलियां फाग गाने वालों से गुलजार रहेंगी। वहीं मोहल्ले और गलियां रंगों से भीगी रहेंगी। हर साल की तरह इस बार भी गोरक्षपीठाधीश्वर व सांसद महंत योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भगवान नरसिंह की शोभा यात्रा भी सुबह नौ बजे पांडेयहाता से निकाली जाएगी। इस शोभा यात्रा में योगी आदित्यनाथ लगभग दो से तीन घंटे पब्लिक के साथ भी होली खेलेंगे।

विभिन्न संस्थाओं ने भी खेली होली

होली को लेकर पूरा शहर तैयारी कर चुका है। बुधवार को कई संस्थाओं ने शहर में कार्यक्रम का आयोजन करके होली मनाई। नगर निगम ने शहर के कई मलिन बस्तियों के बच्चों को रंग और गुलाल बांट कर होली खेली। मेयर डॉ। सत्या पांडेय ने आर्यनगर के मलिन बस्ती, कुर्मियान टोला, डीह बाब मन्दिर एवं माली टोला के बच्चों को पिचकारी, अबीर-गुलाल दिया और सबसे को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वहीं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा भी होली का आयोजन किया गया। पार्षद राजेश जायसवाल, डॉ। विनोद पाण्डेय, अर्जित श्रीवास्तव, विनम्र, विराट, गुन्गुन सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।