- गांव के ही युवक से चल रहा था प्रेम प्रसंग

- भोर में गुपचुप कर दिया अंतिम संस्कार

KAUSHAMBI (18 April, JNN):

सरायअकिल थाना क्षेत्र के पुरखास गांव में इज्जत की खातिर परिजनों ने घर के भीतर बेटी को जिंदा जला दिया। भोर होते ही उन्होंने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना दी जरूर लेकिन मौके पर पुलिस नहीं पहुंच सकी। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

युवक के साथ देख हुए आगबबूला

जानकारी के मुताबिक पुरखास गांव की एक किशोरी का गांव के ही युवक से प्रेम प्रपंच चल रहा था। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में हंगामा मच गया। किशोरी को युवक से न मिलने की हिदायत देते हुए घर से निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके बाद भी किशोरी युवक से मिलने से बाज नहीं आ रही थी। गुरुवार की शाम परिवार के लोगों ने किशोरी को युवक के साथ देख लिया तो आगबबूला हो गए। उन्होंने घर लौटने पर उसे जमकर मारापीटा।

नहीं मानी तो जला दिया

किशोरी ने परिजनों की बात मानने से इंकार कर दिया था। इससे आक्रोशित परिजनों ने शुक्रवार की रात को किशोरी को घर में ही जिंदा जला दिया। शनिवार की भोर शव का गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया। थानाध्यक्ष विपिन कुमार त्रिवेदी ने कहा कि मामले को लेकर उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है।