BAREILLY: डॉक्टर की एप्रन पहनने के शौक में हॉस्पिटल का फोर्थ क्लास संविदा कर्मी अरविन्द को हवालात की हवा खानी पड़ गई। अरविन्द ने थर्सडे रात डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल की इमरजेंसी में मौका पाकर डॉक्टर का कोट पहन लिया और फोटो सोशल साइट पर शेयर कर दी। इसी बीच इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीजों को भी गुमराह किया। सुबह को जानकारी जब सीएमएस डॉ। केएस गुप्ता को हुई तो उन्होंने फर्जी डॉक्टर को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस फर्जी डॉक्टर को थाने ले गई और मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।

 

मरीजों को भी किया गुमराह

सुभाष नगर के नेकपुर निवासी अरविन्द कुमार डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में फोर्थ क्लास संविदा कर्मी है। रात को इमरजेंसी में अरविन्द की ड्यूटी थी, इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर किसी मरीज को देखने गए थे। इसी दौरान अरविन्द ने डॉक्टर का कोट पहन लिया और डॉक्टर की सीट पर बैठकर सेल्फी लेने लगा। तभी किसी मरीज की तबियत खराब होने पर वह डॉक्टर के पास पहुंचा। जिस पर अरविन्द उसे सलाह देकर गुमराह करने लगा। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई।

 

सोशल साइट से पकड़ा गया

फ्राइडे सुबह जब अरविंद ने रात में ली गई अपनी फोटो फेसबुक पर पोस्ट की तो हॉस्पिटल के अन्य स्टाफ को उसकी हरकत का पता लगा। इसकी जानकारी जब सीएमएस को हुई तो उन्होंने अरविन्द को बुलाकर पूछताछ की। पहले तो उसने डॉक्टर की एप्रन पहनने की बात से इनकार किया, लेकिन जब सीएमएस ने अरविन्द को उसकी फोटो दिखाई तो उसने गलती स्वीकार कर ली। कड़ाई से पूछताछ करने पर अरविन्द ने बताया कि उसे डॉक्टर की एप्रन पहनने का शौक था जिसके चलते उसने डॉक्टर का एप्रन पहना था। जिसके बाद सीएमएस ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

 

अरविन्द हॉस्पिटल में फोर्थ क्लास संविदा कर्मचारी है। सुबह को सूचना मिली थी कि डॉक्टर ने मरीजों से गलत व्यवहार किया है, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। जब हॉस्पिटल के अन्य कर्मचारियों ने सोशल साइट पर उसकी फोटो दिखाई तो उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

डॉ। केएस गुप्ता, सीएमएस डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल