- चिलुआताल एरिया के बौरडीह की घटना

- मेडिकल कालेज में चल रहा महिला का उपचार

GORAKHPUR: चिलुआताल एरिया के बौरडीह में मामूली विवाद को लेकर पति ने पत्‍‌नी का गला रेत दिया। गंभीर हाल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने महिला को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

दोनों में कई बार हुई मारपीट

बौरडीह निवासी प्रेमचंद का विवाद पत्‍‌नी द्रौपदी से चल रहा है। चार-पांच दिनों से दोनों के बीच कई बार मारपीट हुई। मंडे दोपहर अचानक गुस्से में आकर उसने पत्‍‌नी का गला रेत दिया। पत्‍‌नी के शोर मचाने पर लोग पहुंच गए। लोगों की भीड़ जमा होने पर आरोपी पति भाग निकला। महिला के रिश्तेदार उसको अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बताया कि घाव ठीक होने में समय लगेगा।

डकैती की सूचना देकर पुलिस को छकाया

पत्‍‌नी का गला रेतने वाले पति को पुलिस सनकी बता रही है। घटना की जांच पड़ताल करने पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पता लगा कि एक हफ्ते पहले आरोपी ने पुलिस को डकैती की सूचना दी। रात में ढाई बजे बताया कि डकैत घर में घुस गए हैं। फोर्स के साथ थानेदार पहुंच गए। लेकिन सूचना फर्जी निकली। जबरन कार्रवाई को लेकर वह पुलिस कर्मचारियों से भिड़ गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पत्‍‌नी पर हमला करने वाले पति की तलाश की जा रही है। दोनों के बीच में मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी।

रामशीष सिंह यादव, एसओ चिलुआताल