-खोराबार एरिया के कांशीराम शहरी आवास की घटना

-रिक्शा चालक को अरेस्ट कर पुलिस कर रही कार्रवाई

GORAKHPUR: खोराबार एरिया के कांशीराम शहरी आवास योजना में रहने वाला रिक्शा चालक पत्नी की हत्या कर फरार हो गया। स्कूल से घर लौटी बेटी ने मां के मर्डर की सूचना पुलिस को दी। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। रिक्शा चालक ने पुलिस को बताया कि एक ग्वाले संग उसकी पत्नी के नजदीकी संबंध थे। बार-बार समझाने पर वह बातचीत बंद नहीं कर रही थी। इसलिए उसका गला कसकर मार डाला। खोराबार एसएचओ ने बताया कि पत्नी के चरित्र पर संदेह करने के लेकर रिक्शा चालक अक्सर विवाद करता था।

पड़ोसी को देखकर हाे गया खफा

कांशीराम आवासीय योजना में माधोपुर मोहल्ला निवासी मैना देवी के नाम से मकान अलाट है। मकान में मैना देवी की बहन अनीता अपने सूरज और बच्चों संग रहती थी। रिक्शा चलाकर सूरज परिवार का भरण पोषण करता है। उसके चार बच्चों में बड़ी बेटी सपना, नैना और बेटा राज स्कूल जाते हैं। उसका चौथा बेटा एक साल का है। बुधवार शाम रिक्शा लेकर सूरज चला गया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर पहुंचा तो बच्चे स्कूल गए थे। उसकी पत्नी पड़ोस में रहने वाले ग्वाले संग बातचीत कर रही थी। सूरज के आने पर ग्वाला फरार हो गया।

विवाद होने पर दुपट्टे से कस दिया गला

ग्वाले से पत्नी के अवैध संबंध को लेकर सूरज ने पूछताछ शुरू कर दी। इसी बात को लेकर दोनों में मारपीट हो गई। पति-पत्नी के बीच विवाद की सूचना किसी ने मोहल्ले के स्कूल में पढ़ने गई उसकी बड़ी बेटी सपना को दी। वह घर पहुंची तभी दुपट्टे से पत्नी का गला कसकर सूरज भाग निकला। मां की हालत देखकर बेटी कुछ कर पाती। इसके पहले उसके सामने मां की जान निकल गई। बेटी के शोर मचाने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रिक्शा चालक को अरेस्ट कर लिया। रायगंज में रहने वाली अनीता की मां भी मौके पर पहुंच गई।

वर्जन

सास की तहरीर पर दामाद के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। रिक्शा चालक अपनी पत्‍‌नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसलिए उनके बीच अक्सर विवाद होता था।

गिरजेश तिवारी, इंस्पेक्टर, खोराबार