आगरा। थाना शाहगंज एरिया में पत्‍‌नी ने पति से काम करने की बात की तो पति इतना आवेश में आ गया कि उसके सिर में गोली मार दी। शादी इसी महीने हुई है। घटना कर पति फरार है। गंभीर घायल विवाहिता को एसएन में एडमिट कराया गया यहां से परिवार उसे लेकर जयपुर चला गया।

हाल ही में हुई है शादी

ईदगाह बस स्टेंड के पास फकीर चंद का नगला निवासी 25 वर्षीय मंतशाह की शादी गुरुसहाय गंज कन्नौज के साथ 5 मई 2017 को हुई थी। पति कोई काम नहीं करता था इसके चलते पति-पत्‍‌नी में विवाद बना रहता था। 17 मई को मंतशाह मायके फकीर चंद का नगला आ गई। पति भी उसके साथ मायके आ गया। वह उसके साथ रहने लगा।

पति से बोला काम करने को

बुधवार को वह पत्‍‌नी को ससुराल ले जाना चाहता था। पत्‍‌नी ने इस पर मना कर दिया। उसने पत्‍‌नी पर चलने के लिए काफी दबाव दिया। लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया और पति से पहले काम तलाश करने की बात कहीं। इस पर दोनों का विवाद हो गया।

आधी रात गोली मार कर भागा

गुरुवार की सुबह 4:30 बजे परिजनों को गोली चलने की आवाज आई। गोली चलते ही परिजन दहशत में आ गए। परिजनों ने मंतशाह के कमरे में आकर देखा तो वह लहूलुहान अवस्था में पड़ी थी। पति मौके से गायब था। परिजनों ने उसे एसएन में एडमिट कराया। यहां से उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।