-बुलंदशहर जेल में पत्नी की हत्या में सजा काट रहा है कैदी

-कूल्हे में दर्द का करा रहा था इलाज, मेडिकल थाना पुलिस पहुंची

Meerut : एलएलआर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहा कैदी गुरुवार पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया। पत्‍‌नी की हत्या में सजा काट रहा कैदी गत 18 नवंबर को कूल्हे के ऑपरेशन के बाद हड्डी रोग विभाग में भर्ती कराया गया था। मेडिकल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा में लगे दोनों पुलिसकर्मियों को थाने में बैठा लिया है।

कूल्हे का इलाज करा रहा था

घटनाक्रम के मुताबिक बुलंदशहर के अरनिया थाने के गांव हलापुरा निवासी आदित्य पुत्र कैनारा अपनी पत्‍‌नी की हत्या के जुर्म में बुलंदशहर जेल में सजा काट रहा है। करीब चार साल की सजा पूरी कर चुके आदित्य को न्यायालय ने 20 साल की सजा सुनाई है। पिछले कुछ दिनों से आदित्य कूल्हे के दर्द से परेशान था। मेडिकल परीक्षण के बाद जेल से आदित्य को 18 नवंबर को ऑपरेशन के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

हड्डी रोग विभाग से भागा कैदी

ऑपरेशन के बाद कैदी को हड्डी रोग विभाग के वार्ड में भर्ती करा दिया गया। यहां गुरुवार को कैदी निगरानी में तैनात पुलिसकर्मी जितेंद्र सिंह और हरपाल सिंह को चकमा देकर फरार हो गया। घटनाक्रम की जानकारी पर थाना मेडिकल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों सिपाहियों को थाने में बैठा लिया। पुलिस सिपाहियों से पूछताछ कर रही है तो वहीं एसओ थाना मेडिकल कॉलेज बचन सिंह सिरोही ने एसएसपी बुलंदशहर अनंत देव को पूरे प्रकरण की जानकारी दी।

हड्डी रोग विभाग के जनरल वार्ड में हत्या के आरोप में सजा काट रहा कैदी आदित्य भर्ती था। निगरानी में तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वो फरार हो गया है। पुलिस ने कैदी को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर दी है साथ ही बुलंदशहर के एसएसपी को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी गई है।

बचन सिंह सिरोही, एसओ, थाना मेडिकल