बड़ा तालाब के पास मंगलवार की रात नौ बजे अकेले टहल रही थी लड़की

लड़की को पहुंचाया गया शेल्टर होम प्रेमाश्रय, सिटी एसपी को दी गई जानकारी

क्या कह रही है लड़की

2004 में जब वो स्कूल में थी, तभी सलमान खान से हुई थी शादी

टीवी रियलिटी शो बिग बॉस में भी थी, सलमान के साथ रहती थी मुंबई में

अचानक कैसै पहुंच गई रांची, मालूम नहीं

RANCHI: मैं सलमान खान की बीवी हूं, मुझे मेरे पति के पास पहुंचा दो। वही सलमान खान, जो हीरो है। मेरे पति मुझे भूल गए हैं। मैं मुंबई में सलमान खान के घर पर रहती थी। उनसे कहो, वो मुझे आकर ले जाएं। ये सुनकर विश्वास नहीं हो रहा है न, लेकिन सच यही है। जी हां, बड़ा तालाब के पास रहने वाले लोग एक युवती से यही सुन कर हैरान रह गए। दरअसल, बड़ा तालाब के पास मंगलवार की रात नौ बजे के करीब एक लड़की टहलती हुई पाई गई। वह अकेले टहलते हुए रोए जा रही थी और बार-बार अपने पति सलमान खान को याद कर रही थी। देर रात लड़की को महिला थाना भेजा गया जहां से उसे नारी निकेतन कांके रोड के शेल्टर होम में भेज दिया गया।

जुबां पर सिर्फ सलमान का नाम

लड़की को काफी देर तक वहां के लोगों ने टहलते हुए देखा। आखिरकार कुछ लोग उसके पास गए और उसके बारे में पूछा। इसके साथ ही वो जोर-जोर से रोने लगी और सलमान खान को अपना पति बताने लगी। घंटो पूछताछ के बावजूद लड़की न तो अपना पता बता रही थी, न अपने बारे में कोई जानकारी दे पा रही थी। अंत में अंजुमन इस्लामिया के लोगों ने दीया सेवा संस्थान में फोन कर लड़की के बारे में बताया। इसके बाद संस्था के बैद्यनाथ कुमार पहुंचे और लड़की से पूछताछ की। बैद्यनाथ कुमार ने बताया कि बड़ा तालाब के आसपास के लोगों ने लड़की से उसके बारे में जानना चाहा, लेकिन लड़की सिर्फ सलमान खान का रट लगा रही थी। अंत में वहां की कुछ महिलाओं ने भी लड़की से पूछताछ की, लेकिन सलमान खान के अलावा उसके मुंह से कुछ नहीं निकला।

प्रेमाश्रय में हो रही काउंसेलिंग (बॉक्स)

मंगलवार की रात ही लड़की को प्रेमाश्रय शेल्टर होम पहुंचा दिया गया। जहां बुधवार को सीडब्ल्यूसी की टीम ने उसकी काउंसेलिंग की। उसने बताया कि साल 2004 में जब वो स्कूल में थी, तभी सलमान खान से उसकी शादी हुई थी। टीवी रियलिटी शो बिग बॉस में भी वो सलमान के साथ ही थी। लड़की से उसका पता पूछे जाने पर उसने बताया कि वो मुंबई में सलमान खान के घर पर रहती थी, लेकिन अचानक रांची कैसे पहुंच गई, पता नहीं। इस बीच फोन पर सलमान खान का नाम लेकर उसकी बात कराई गई, लेकिन लड़की ने कहा कि वो उसका पति सलमान खान नहीं है। इसके बाद उसे सलमान खान की तस्वीर दिखाई गई, जिसे देख कर वो फुट-फुटकर रोने लगी। वह बार-बार यही कह रही थी कि सलमान उसका पति है, जो उसे भूल गया है। कहीं से आकर वह उसे वापस ले जाए।

फर्राटेदार बोल रही उर्दू-अंग्रेजी

लड़की की स्थिति को देखकर फिलहाल उसे शेल्टर होम में ही रखा गया है। उसकी लगातार काउंसेलिंग की जा रही है, ताकि उसॅॅके घर का पता लग जाए। लड़की की उम्र लगभग 20 से 21 साल की है। संभवत: वह रांची के आसपास की ही है। लड़की उर्दू और अंग्रेजी फर्राटेदार बोलने के साथ-साथ लिख भी रही है। इस मामले की जानकारी सिटी एसपी जया रॉय को भी दी गई है, ताकि लड़की को उसके घर तक जल्द से जल्द पहुंचाया जा सके।