PATNA : हमने प्यार किया है। शादी की है। कोई गुनाह नहीं। जिसकी हमें सजा दी जाए। ये बेबाक टिप्पणी है, समाज के उन ठेकेदारों के खिलाफ जो प्यार करने वाले लोगों के खिलाफ हर पल खड़े रहते हैं। दरअसल, एक प्रेमी जोड़ा शादी करने के तुरंत बाद राजधानी के कंकड़बाग थाने पहुंचा और सुरक्षा की गुहार लगाई। उन्हें डर है कि लव मैरेज करने के बाद उनके घरवाले उन्हें जान से मार न दें। उनकी हत्या न करा दें। इस कारण अपनी जान की सलामती के लिए प्रेमी जोड़ा थाने पहुंचा।

-ये है पूरा मामला

लड़की जहानाबाद के टाउन थाना इलाके की रहने वाली है। जबकि लड़का पटना के संपतचक इलाके का है। कुछ महीनों पहले दोनों एक-दूसरे से अनजान थे। अचानक एक दिन मोबाइल से दोनों की बातचीत हुई। सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ने लगा। फिर दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे। मुलाकातें हुई और प्यार हो गया।

- ये है परेशानी की वजह

लड़का और लड़की दोनों ही अलग-अलग जाति के हैं। इस कारण फैमिली वाले किसी भी कीमत पर शादी के लिए रजामंद नहीं थे। ऐसे में इनके पास एक ही चारा था। भाग कर शादी करने का। क्योंकि दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ चुका था कि एक-दूसरे के बिना रह नहीं सकते थे।

- दर्ज कराया किडनैपिंग का मामला

आखिरकार लड़की ने हिम्मत जुटाई। तीन दिन पहले वो घर से भाग निकली। एक जगह पर लड़का और लड़की दोनों मिले। फिर सोमवार को पटना के एक मंदिर में जा कर शादी कर ली। दूसरी ओर लड़की के घर से भागने के बाद उसके फैमिली वालों ने जहानाबाद के टाउन थाने में लड़की को किडनैप किए जाने का एफआईआर दर्ज करा दिया। जबकि लड़का और लड़की दोनों ही बालिग हैं।

शादी करके लड़का और लड़की थाने पहुंचे थे। सुरक्षा की मांग की। मामले की जांच के बाद पता चला कि जहानाबाद टाउन थाना में एफआईआर दर्ज है। आगे की कार्रवाई के लिए वहां की पुलिस को सूचना दे दी गई है।

सुरेश प्रसाद, एसएचओ कंकड़बाग