चलो अब नगर निगम के चक्कर तो नहीं लगाने पड़ेंगे
- पोर्टल पर दर्ज होगी कचरे की शिकायत
- ईकोग्रीन कंपनी तैयार करा रही है पोर्टल
- पांच से छह दिन में शुरू हो जाएगी सुविधा
एक्सक्लूसिव।
LUCKNOW
घर के सामने पड़ा कचरा परेशानी का सबब बन जाता है लेकिन अब इससे परेशान होने की जरूरत नहीं है। ईकोग्रीन कंपनी एक ऐसा पोर्टल बनवा रही है जिससे इस समस्या की शिकायत लोग घर बैठे ही कर सकेंगे और यह भी जान लेंगे कि उनकी समस्या का समाधान कितने दिनों में हो जाएगा।
जिम्मेदारों तक पहुंचेगी शिकायत
ईकोग्रीन कंपनी के तैयार होने जा रहे इस पोर्टल पर आसानी से शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। पोर्टल में फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्स एप को भी जोड़ा गया है, ताकि जनता इस माध्यम से भी अपनी शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सके।
शुरू हो गया ट्रायल
यह पोर्टल लगभग तैयार हो गया है। ट्रायल का काम जारी है। उम्मीद की जा रही है कि अगले पांच से छह दिनों के अंदर इसे जनता के लिए चालू कर दिया जाएगा। इस समय विशेषज्ञों की टीम पोर्टल से जुड़े सभी बिन्दुओं पर होमवर्क कर रही है।
भागदौड़ से बचाएगा पोर्टल
अभी सफाई की समस्या को लेकर लोगों को नगर निगम के चक्कर काटने पड़ते हैं। वहां शिकायत तो दर्ज हो जाती है लेकिन समय पर निस्तारण नहीं होता है। कई कई बार निगम के चक्कर लगाने के बाद भी लोगों की शिकायत दूर नहीं होती है। इस पोर्टल से यह सारी समस्या अपने आप खत्म हो जाएगी।
बाक्स
जीपीएस से लैस होंगे ई रिक्शा
राजधानी के आशियाना सहित कुछ क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण के लिए ई रिक्शों को लगाया गया है। इन रिक्शों में जीपीएस लगाने का काम शुरू हो गया है। जीपीएस यह बताएगा कि ये रिक्शे निर्धारित रूट पर चल भी रहे हैं या नहीं। इस सिस्टम को पुख्ता करने के लिए एक कंट्रोल सिस्टम भी बनाया जा रहा है।
वर्जन
यह सही है कि हमारी ओर से पोर्टल तैयार किया जा रहा है। इस पोर्टल में ट्विटर, फेसबुक आदि की सुविधा भी दी जाएगी। कोई भी इसका प्रयोग करके कचरे से संबंधित समस्या के बारे में शिकायत दर्ज करा सकता है।
अभिषेक सिंह, एडवाइजर, इकोग्रीन कंपनी