सात दिन लगातार खबर छापने के बाद हुआ बड़ा असर

आई नेक्स्ट की टीम के साथ पुलिस पहुंची छेड़छाड़ वाले एरिया में

कई जगह पर मौके पर पकड़े शोहदें

आगरा। नवरात्र के पहले दिन से ही आई नेक्स्ट द्वारा 'इज्जत करो' कैंपेन में सिटी के कुछ ऐसे स्पॉट्स को तलाशना शुरू किया जहां पर लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की वारदातें होती रहती हैं। इन अलग-अलग स्पॉट्स पर जाकर आई नेक्स्ट ने लड़कियों के साथ रोजाना होने वाली छेड़छाड़ को अपने कैमरे में कैद किया। समय-समय पर लड़कों द्वारा नारी रक्षा की कसमें भी दिलाई गई। नवरात्रि के अंतिम दिन इस कैंपेन का इंपैक्ट नजर आया जब आगरा पुलिस ने इन स्पॉट्स पर जाकर मनचलों को सबक सिखाया।

कन्हैया बनकर लड़कियों को छेड़ने की फिराक में था

शनिवार को भगवान टॉकीज पुल के नीचे दो लड़कियां बैठी हुई आपस में बात कर रहीं थी। तभी एक लड़का बाइक पर आया। उसने वहां बाइक खड़ी की और उस पर लेट गया। बाइक पर कन्हैया के पोस में लेटते ही उसने सामने बैठी लड़कियों को लगातार घूरना शुरू किया। हमारी टीम इस पूरे वाक्या को अपने कैमरे में कैद कर रही थी। हमारी टीम के साथ पुलिस के सिपाही मौजूद थे जो इस घटना पर लगातार नजर रखे हुए थे। जैसे ही लड़का लड़कियों को छेड़ने की कोशिश करता है, पुलिस उसी समय जाकर उस लड़के को फटकारती है। लड़का घबराकर सॉरी बोलने लगता है।

लड़कियां ने कहा 'शुक्रिया आई नेक्स्ट'

दोनों लड़कियों ने आई नेक्स्ट टीम का शुक्रिया करते हुए कहा कि आप लोगों ने यह अच्छा किया। पुलिस की इस सख्ती से और मनचलों को भी सबक मिलेगा।

कॉलेज की लड़कियों का कर रहा था इंतजार

इस बाद टीम केन्द्रीय हिंदी संस्थान पहुंची। वहां एक गार्ड ने बताया कि लड़कियों की छुट्टी होने के समय कुछ लड़के केन्द्रीय हिंदी संस्थान के सामने एक खंडहर से निकलकर लड़कियों को छेड़ते है। आई नेक्स्ट की टीम ने उस खंडहर में जाकर देखा तो वहां एक लड़का सिगरेट पी रहा था। पुलिस को देखकर उसकी हवाईयां उड़ गई। वो लड़का हाथ जोड़कर सॉरी कहने लगा। घरवालों की दुहाई देने लगा। पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़कर उसकी अच्छे से खिचाई की। अंत में उसे वारनिंग देकर वहां से भगा दिया गया।