ग्रीन यूथ के बैनर तले करेंगे देश का भ्रमण

पूरे देश में तिरंगे की पेंटिग लगाने को कर रहे प्रोत्साहित

ALLAHABAD: सलमान खां अभिनीत फिल्म बॉडीगार्ड का स्टूडेंट लीडर लोगों को खूब हंसाता था। द्रोण और ढिशूम जैसी फिल्मों में भी अभिनय की छाप छोड़ी और छोटे कद का होने की वजह से एक अलग मुकाम भी हासिल किया। इन फिल्मों के बाद तीन फुट दस इंच के दीपक वर्मा देशप्रेम के मिशन पर निकले हैं। वह भी अपने बॉलीवुड के अन्य सहयोगियों के साथ।

प्रमुख चौराहों पर लगाएं तिरंगा

ग्रीन यूथ संस्था के जरिए दीपक अपने साथियों जाहिद, अमजद अली व प्रदीप गिरि के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को प्रमुख चौराहों पर लगाने के लिए भारत भ्रमण पर निकले हैं। इलाहाबाद पहुंचने पर दीपक की टीम आई नेक्स्ट के दफ्तर पहुंची। अभियान के उद्देश्य के बारे में दीपक ने बताया कि सुरक्षित तरीके से तिरंगे की पेंटिंग लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। ताकि अधिक से अधिक लोगों के भीतर हर वक्त देशप्रेम का एहसास जगाया जा सके।

रांची से शुरु हुआ मिशन

ग्रीन यूथ की टीम का मिशन आठ नवम्बर को रांची से शुरु हुआ। रांची से होकर टीम छत्तीसगढ़ की राजधानी पहुंची और लोगों को पेंटिंग बनाने के लिए प्रेरित किया। सोमवार को टीम बनारस होते हुए इलाहाबाद पहुंची। अंदावा मोड़ व कॉटन मिल चौराहे पर लोगों से बातचीत की। साथ ही ग्रीन यूथ का मेम्बर बनाया। अब यहां से टीम बुधवार को लखनऊ के लिए रवाना होगी।