पहलवानों का प्रदर्शन

भारतीय पहलवानों ने सर्वाधिक पांच पदक जीते। प्रियंका सिंह (48 किग्रा), अर्चना तोमर (55 किग्रा), मनीषा (60 किग्रा), रविंद्र (57 किग्रा) और रजनीश (65 किग्रा) ने अपने-अपने भार वर्ग में पीले तमगे जीते। वहीं भारतीय साइकिलिस्टों ने पहले दिन दांव पर लगे दोनों स्वर्ण और रजत पदक जीतकर क्लीनस्वीप किया। पुरुषों की 40 किमी व्यक्तिगत टाइम ट्रायल स्पर्धा में अरविंद पंवार ने 53 मिनट और 28 सेकेंड के साथ स्वर्ण, जबकि उनके साथी मंजीत सिंह ने 54 मिनट 1.183 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता। इससे पहले महिलाओं की 30 किमी व्यक्तिगत टाइम ट्रायल में स्पर्धा में बिद्यालक्ष्मी ने 49 मिनट 24 सेकेंड के समय के साथ पीला तमगा जीतकर भारत का खाता खोला। चाओबा देवी ने 49 मिनट 31 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता।

रिकॉर्ड ने जीता सोना

2014 कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता वेटलिफ्टर मीराभाई चानू (48 किग्रा) ने सैग खेलों के रिकॉर्ड के साथ पीला तमगा जीता। उन्होंने कुल 169 किग्रा ( स्नैच में 79 और क्लीन एंड जर्क में प्लस 90) भार उठाया। हर्षदीप कौर (53 किग्रा) ने कुल 171 किग्रा (73 किग्रा और 98 किग्रा) के भार के साथ पीला तमगा जीता। महिला वेटलिफ्टिंग को पहली बार इन खेलों में शामिल किया गया है। पुरुष वर्ग में गुरुराज (56 किग्रा) ने कुल 241 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने ग्रुप "ए" में मालदीव और बांग्लादेश को एक बराबर अंतर 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

टेबल टेनिस व तरणताल

महिला टीम ने ग्रुप "ए" में मालदीव को 3-0 से और पाकिस्तान को भी इतने ही अंतर से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारतीय तैराकों ने सैग खेलों की तैराकी स्पर्धा के पहले ही दिन तीन रिकॉर्ड तोड़ते हुए चार स्वर्ण सहित कुल सात पदक बटोरे। दामिनी गौड़ा ने 100 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक जीता। आठ स्पर्धाओं के लिए हुए मुकाबलों में छह रिकॉर्ड टूटे। सेजवाल ने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा 2:20.66 सेकेंड के रिकॉर्ड समय के साथ जीती। उन्होंने अपने पिछले रिकॉर्ड (2:21.03 सेकेंड) जोकि 2010 में ढाका में बनाया था में सुधार किया। वहीं श्रीलंका के किरण सिंघे ने रजत और मुहम्मद इस्लाम ने कांसा जीता। शिवानी ने महिलाओं की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में पहले हीट में 2:12.13 सेकेंड के समय के हाथ रिकॉर्ड बनाया फिर उसे सुधारते हुए 2:08.68 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड जीता।

रजत पदक भी जीता

दामिनी गौड़ा ने 100 मीटर बटरफ्लाई 1:4.92 सेकेंड के समय के साथ जीतकर भारत को तीसरा स्वर्ण दिलाया। महिलाओं की चार गुणा सौ मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम ने 4:01.95 सेकेंड के रिकॉर्ड समय के साथ चौथा पदक देश की झोली में डाला। रिले टीम ने 2006 में कोलंबो में (4:08.72 सेकेंड) बनाए गए अपने ही रिकॉर्ड में सुधार किया। सौरव संगवीकर ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल में, सुप्रियो ने 100 मीटर बटरफ्लाई और चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल में पुरुषों ने रजत पदक जीता। मैथ्यूज रहे आकर्षण का केंद्र : श्रीलंका के मैथ्यूज अभयसिंघे ने दो स्वर्ण पदक जीतकर आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल में रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण और 100 मीटर बटरफ्लाई में भी पीला तमगा जीता।

दो स्वर्ण व दो रजत पदक

दीपिका कुमारी की अगुआई में भारतीय तीरंदाजों ने व्यक्तिगत रिकर्व और कंपाउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण और इतने ही रजत पदक पक्के कर लिए हैं। सैग खेलों के पूर्व चैंपियन तरुणदीप राय व गुरुचरण और दुनिया की पूर्व नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी और बोंबयला देवी लैशराम ने क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में पहुंचकर दो स्वर्ण व दो रजत पक्के किए। कंपाउंड वर्ग में अभिषेक वर्मा और रजत चौहान ने पुरुष वर्ग में और पुरवशा शिंदे और ज्योति सुरेखा ने महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में जगह बनाकर दो पीले तमगे और दो रजत तय किए। आठ और नौ फरवरी को होने वाले फाइनल में भारतीय ही आमने-सामने होंगे।

inextlive from Sports News Desk