- दादानगर नहर पट्टी में हुई घटना , पड़ोसी बच्चे ने धक्का देकर नहर में गिराया

- बच्ची को ढूढ़ने में नाकाम रहे गोताखोर, नहर के तेज बहाव बह गई

KANPUR : गोविन्दनगर में गुरुवार को खेल-खेल में हुए झगड़े में एक मासूम बच्ची नहर में डूब गई। वो सुबह नहर के पास पड़ोसी बच्चे के साथ खेल रही थी। जिसमें झगड़ा होने पर बच्चे ने मासूम की बहन के सामने उसको धक्का देकर नहर में गिरा दिया।

दादानगर में नहर पट्टी के किनारे रहने वाले मेवाराम लेबर हैं। उनके परिवार में पत्नी निर्मला और तीन बेटी लक्ष्मी, खुशबू, राधा और बेटा सुखराम है। बच्चों में लक्ष्मी सबसे बड़ी है। वो क्लास 2 में पढ़ती है। गुरुवार को निर्मला ने उसे जाने के लिए तैयार किया था। जल्द तैयार हो जाने की वजह से वो बहन खुशबू के साथ घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोसी अमर सिंह का बेटा अरुण वहां पहुंच गया। वो भी उन लोगों के साथ खेलने लगा। जिसमें अरुण का लक्ष्मी से झगड़ा हो गया। गुस्से में अरुण ने धक्का देकर लक्ष्मी को नहर में गिरा गिया। इसके बाद वो भागकर घर चला गया। इधर, खुशबू बहन के साथ हुए हादसे से इतना डर गई कि वो चुपचाप घर चली गई। उसने घरवालों को भी कुछ नहीं बताया। जब परेशान घरवालों ने लक्ष्मी की तलाश शुरू की तो खुशबू ने उन्हें सच्चाई बताई। जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए। वे चिल्लाते हुए अरुण के घर गए तो परिजन घर में ताला लगाकर भाग गए। पुलिस ने मौके पर जाकर गोताखोरों को नहर में उतारा, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला। माना जा रहा है कि वो नहर के बहाव में बह गई। एसओ का कहना है कि शुक्रवार को दोबारा बच्ची को ढूढ़ने के लिए गोताखोरों को नहर में उतारा जाएगा।