छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: डेंगू के डंक से निपटने के लिए मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में रोजाना डेंगू प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया जा रहा है। बीते दो दिनों में 58 घरों को नोटिस थमाया गया है। गुरुवार को मानगो, बागबेड़ा व कागलनगर के करीब 215 घरों की जांच की गई। इसमें 29 घरों में डेंगू के अत्याधिक लार्वा पाए गए। जिनके घरों में लार्वा मिले उन्हें चेतावनी देते हुए नोटिस थमाया गया। एक सप्ताह के बाद यह टीम फिर दोबारा उन क्षेत्रों की जांच करेगी। इस दौरान भी अगर डेंगू का लार्वा मिलता है तो कार्रवाई होना तय है यानी सीधे जुर्माना लगेगा। टीम डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में जाकर गमला, कंटेनर, टायर, कूलर, बर्तन सहित अन्य सामाग्री की जांच कर रही है। वहीं मानगो अक्षेस, जमशेदपुर अक्षेस, जुस्को व जुगसलाई नगरपालिका अपने-अपने क्षेत्रों में फागिंग व जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रही है।

आज आ सकती है रिपोर्ट

जिला सर्विलांस विभाग ने शहर के अलग-अलग अस्पतालों से कुल 20 डेंगू के संदिग्ध मरीजों का नमूना संग्रह कर जांच के लिए एमजीएम कॉलेज स्थित माइक्रोबायोलॉजी विभाग भेजा गया है। शुक्रवार को रिपोर्ट आने की उम्मीद है। इन मरीजों का इलाज टीएमएच, मेडिका, टेल्को, मर्सी सहित अन्य अस्पतालों में चल रहा है। अबतक कुल 60 मरीजों की पुष्टि व एक की मौत हो चुकी है। डेंगू एडिज एजिप्टि मच्छर काटने से फैलता है। जब यह मच्छर किसी को काटता है तो डेंगू फैलाने वाला वायरस मच्छर की लार के साथ शरीर में प्रवेश कर जाता है। इसकी शुरुआती लक्षण सामान्य बुखार से मिलते जुलते होते हैं। डेंगू से हर साल देश में कई लोगों की मौत हो जाती है।

डेंगू से निपटने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिस घरों में डेंगू के लार्वा मिल रहे है उन्हें नोटिस थमाया जा रहा है। साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। दोबारा लार्वा मिलने पर सीधे कार्रवाई होगी।

- डॉ साहिर पॉल, जिला सर्विलांस पदाधिकारी।

परसुडीह में एंटी लार्वा का छिड़काव

परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर, हलुदबनी, सोसाइटी कालोनी व परसुडीह बाजार में एंटी लार्वा का छिड़काव गुरुवार को किया गया। यह छिड़काव जिला पार्षद उपाध्यक्ष राजकुमार की ओर से कराया गया। परसुडीह सोसाइटी कालोनी में फागिंग भी किया गया। जिलें में मच्छरों से होने वाले रोगों के कारण प्रतिदिन लोग बीमार पड़ रहे हैं। इस रोग को दूर करने के लिए क्षेत्र में साफ सफाई की व्यवस्था करना जरूरी है। गुरुवार को परसुडीह क्षेत्र के निवासियों को डेंगू रोग के लक्षण व उनसे बचाव की जानकारी भी दी गई। घर में जमा पानी, टायर, कूलर में जमा पानी को तुरंत हटाने के लिए बस्ती में जागरूकता अभियान भी चलाया गया।