-सेंट्रल जेल में पेड़ पर चढ़ा कैदी, काफी मान मनौव्वल के बाद उतरा नीचे

VARANASI

सेंट्रल जेल से रिहा हुए हरदोई के कैदी को दोबारा जेल बुलाने की मांग पर अड़े एक कैदी ने गुरुवार को पेड़ पर चढ़कर जेल प्रशासन को खूब छकाया। काफी मान मनौव्वल के बाद जब नीचे उतरा तो फूट-फूटकर रोया। बाद में जेल प्रशासन ने उसे बैरक में डालकर राहत की सांस ली। गोंडा सदर निवासी रामसेवक केंद्रीय कारागार में उम्र कैद की सजा काट रहा है। दोपहर अचानक वह पेड़ पर चढ़कर चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर कई कैदी व जेल के आला अफसर मौके पर पहुंचे। उसका कहना था कि हाल ही में हरदोई का एक कैदी गोरखराम रिहा हुआ है। जाते समय उसने धमकी दी थी कि वह उसके परिवार वालों को बख्शेगा नहीं। उसका कहना था कि जब तक उसे पकड़ कर नहीं लाया जाता और डीएम नहीं आएंगे तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। बाद में किसी तरह उसे नीचे उतारा गया।

हॉस्पिटल सर्किल में है कैदी

उम्र कैद की सजा काट रहे उक्त कैदी को लेकर जेल प्रशासन का दावा है कि वह मानसिक विक्षिप्त है। इस तरह के दौरे उसे अक्सर आते रहते हैं। साल 2008 में उसने एक बंदी को मार दिया था। पेशेंट होने के चलते ही उसे हॉस्पिटल सर्किल में रखा गया है।

कैदी सीजोक्रेमिया का पेशेंट है। उसे अक्सर इस तरह का दौरा आता है। इसके चलते ही उसने ऐसा कदम उठाया।

अंबरीश गौड़

वरिष्ठ जेल अधीक्षक, सेंट्रल जेल