RANCHI: लालपुर थाना क्षेत्र के करमटोली के पास दो युवकों ने मधु देवी नामक एक महिला के बैग से 75 हजार रुपए के जेवरात उड़ा लिये। हालांकि, महिला ने इस चोरी कांड में दो युवकों मो जहांगीर आलम गढ़ाटोली कांटाटोली तथा दूसरा आकिब खान कसाई मुहल्ला कांटाटोली के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने बताया कि युवक ने 75 हजार रुपए के जेवरात उड़ा लियें। लालपुर थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

क्या है मामला

महिला मधु देवी ने बताया कि वह मूल रूप से बुढ़मू की रहनेवाली है। एक मार्च को अपनी बड़ी बहन को छोड़ने रांची आई थी। ऑटो में बैठकर वह बूटी मोड़ जा रही थी। उसके साथ दो छोटे-छोटे बच्चे थे। इसी क्रम में दो लड़के ऑटो में बैठे और कहा कि बैग को वो पकड़ लेंगे। जब ऑटो करमटोली चौक के पास आया तो दोनों युवक वहां से भागने लगे। इसी क्रम में एक युवक जहांगीर को पकड़ा गया। उसकी पॉकेट से सोने का झुमका, दस हजार रुपए, एटीएम समेत कई चीजें बरामद हुई हैं। दोनों युवकों ने अपने एक साथी को वहां से भगा दिया। महिला ने आरोप लगाया कि जिस ऑटो से वह जा रही थी। उसने भी उसकी मदद नहीं की। ऑटो चालक ने बताया कि जल्दी से वे अपना सामान उतार लें, उसे कहीं और जाना है।

महिला से बाइकर्स ने छीना चेन (बॉक्स)

पंडरा ओपी एरिया के डीएवी जूनियर विंग स्कूल के समीप बाइक सवार दो उचक्के रूक्मणि देवी नामक 70 वर्षीया महिला के गले से चेन झपट कर फरार हो गए। इस संबंध में विक्टिम महिला के बेटे प्रकाश कुमार ने पंडरा ओपी में अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रकाश कुमार वेस्ट इंड पार्क नियर डीएवी हेहल जूनियर विंग में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को उनकी मां सुबह 9.30 बजे के करीब घर से बाहर निकली थी। इसी क्रम में डीएवी हेहल स्कूल के समीप एक बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।