>RANCHI: झारखंड विधानसभा में सोमवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास और जेवीएम विधायक दल के नेता प्रदीप यादव आपस में भिड़ गए। इससे सदन में कुछ देर के लिए अजीब माहौल हो गया। अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान जब संसदीय कार्यमंत्री सरकार का पक्ष रख रहे थे, उसी समय प्रदीप यादव ने बजट को लेकर कुछ सवाल उठा दिए। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास को निशाने पर लिया। इससे नाराज होकर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रदीप यादव से कहा कि सरकार का जवाब देने दो तुम बैठ जाओ। इस तुम के संबोधन पर प्रदीप यादव ने आपत्ति दर्ज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सदन के अंदर किसी सदस्य को तुम कैसे कह सकते हैं। यह सदन की परंपरा के खिलाफ है। सदन के अंदर सभी सदस्य माननीय हैं।

झारखंड विधानसभा के इतिहास में यह पहली घटना है, जब मुख्यमंत्री ने किसी सदस्य को तुम कहा है। इसके बाद रघुवर दास और प्रदीप यादव के बीच काफी बहस हुई। सदन का माहौल गर्म होता देख विधानसभा अध्यक्ष डॉ। दिनेश उरांव और सरयू राय ने मामले को संभाला। इसके बाद मामला शांत हुआ। यह मामला विधानसभा के सदस्यों के बीच चर्चा का विषय भी रहा। सत्तापक्ष से लेकर विपक्ष तक के सदस्यों ने दबी जुबान ही सही इतना जरूर कहा कि मुख्यमंत्री को सदन के अंदर किसी सदस्य के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। सदन के अंदर या बाहर अमर्यादित आचरण किसी भी माननीय सदस्य को नहीं करना चाहिए।

रघुवर सरकार आज पेश करेगी बजट

झारखंड की रघुवर सरकार मंगलवार को वित्तीय वर्ष ख्0क्भ्-क्म् के लिए झारखंड विधानसभा में अपना पहला बजट पेश करेगी। इस बजट की जानकारी जनता को देने के लिए सरकार ने व्यापक प्रबंध किए हैं। विधानसभा में मीडिया सेंटर बनाया गया हैं, जहां पर एलईडी स्क्रीन के जरिए बजट और अर्थव्यवस्था से संबंधित तमाम जानकारियां दी जाएंगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भी सरकार ने बजट की जानकारी देने का इंतजाम किया है। ट्विटर और फेसबुक पर भी अपडेट जानकारी रहेगी। बजट पेश करने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास प्रेस ब्रीफिंग कर मीडिया को भी जानकारी देंगे।