--राज्य स्थापना दिवस समारोह का मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने किया उदघाटन

--तीन दिवसीय विकास मेले का शुभारंभ

झारखंड प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध राज्य है। झारखंड में जितनी खनिज संपदा जमीन के भीतर है, उतनी ही जमीन के ऊपर है। जिस झारखंड के लिए हमारे पूर्वजों ने अपनी कुर्बानी दे दी, उस झारखंड को हमें विकसित और आदर्श झारखंड बनाना है। इसके लिए हम सब को मिलकर झारखंड के विकास में योगदान देना होगा, तभी सही मायने में झारखंड गठन का सपना साकार होगा। उक्त बातें ग्रामीण विकास मंत्री ने झारखंड स्थापना दिवस के उद्घाटन समारोह में कहीं। उन्होंने समारोह में विभिन्न जिलों और राज्यों से आए कलाकारों और अतिथियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज मोरहाबादी मैदान में घुसते ही पूरे झारखंड की संस्कृति दिख रही है। ऐसा लग रहा है जैसे पूरा झारखंड आज मोरहाबादी मैदान में मौजूद है।

बिरसा जयंती पर स्थापना

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा के जन्म दिन पर झारखंड प्रदेश की स्थापना हुई थी, इसलिए धरती आबा के सपनों को साकार करने के लिए हम सबको मिलकर झारखंड के विकास में सहभागी बनना होगा.

विकास की राह पर झारखंड

नगर विकास मंत्री श्री सीपी सिंह ने कहा कि आलोचना करनेवाले लोग कहते हैं कि झारखंड में विकास नहीं हुआ, लेकिन मेरा मानना है कि विकास हुआ है और हो रहा है। झारखंड सरकार निर्णय लेने वाली सरकार है और दृढ़ निश्चय के साथ विकास के प्रति कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में झारखंड सरकार विकास की अलग लकीरें खींच रही है। लोगों को पान दुकान पर नकारात्मक चर्चा छोड़कर राज्य के विकास में सहयोग करना चाहिए।

-----

कलाकारों ने मोहा मन

उद्घाटन समारोह के दौरान प्रदेश और अन्य राज्यों से आए हुए कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जिसे दर्शकों ने सराहा। झारखंड स्थापना दिवस उदघाटन समारोह के मुख्य अतिथि और समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए कैबिनेट सचिव एसएस मीणा ने कहा कि स्थापना दिवस के मौके पर विकास मेले का आयोजन किया जा रहा है, इसका उदेश्य झारखंड के विकास में सभी जिलों के लोगों की सहभागिता बनाना है। समारोह का धन्यवाद ज्ञापन रांची के उपायुक्त मनोज कुमार ने किया। समारोह में मुख्य रूप से नवीन जायसवाल, हटिया विधायक, जीतू चरण राम, कांके विधायक, श्री संजय सेठ, अध्यक्ष राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, संजीव विजवर्गीय, उपमहापौर, रांची नगर निगम, अमित खरे, अपर मुख्य सचिव, श्रीमती निधि खरे, प्रधान सचिव, कार्मिक और श्री एनएन सिन्हा, प्रधान सचिव ग्रामीण विकास विभाग के साथ-साथ कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

---