RANCHI : ऑपरेशन नई दिशा के तहत सरेंडर करने वाले नक्सलियों को झारखंड पुलिस में आरक्षी (सिपाही) बनाया जाएगा। झारखंड स्थापना दिवस से एक दिन पूर्व 14 नवंबर को जैप वन डोरंडा में नक्सलियों को मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र दिए जाने की योजना पर काम चल रहा है। इसमें कुछ बाल आरक्षी भी बनाए जाएंगे। इसके लिए पुलिस मुख्यालय प्रस्ताव तैयार कर रहा है। प्रस्ताव तैयार होने के बाद ही पता चल सकेगा कि कितने नक्सलियों को आरक्षी बनाया जाएगा। भटके हुए लोगों को मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि दो साल पूर्व पांच नक्सलियों को झारखंड पुलिस में सिपाही बनाया गया था। इसी प्रकार एक महिला नक्सली को रांची समाहरणालय में चाय दुकान चलाने की अनुमति दी गई थी।

पुलिस अफसरों को मिलेगा मेडल

जैप वन में होने वाले कार्यक्रम में पुलिस के अफसरों को मुख्यमंत्री के स्तर से उनके कार्यो के लिए मेडल प्रदान किया जाएगा। ऐसे पुलिसकर्मियों की तादाद दो दर्जन से ज्यादा है। कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा।

14 भवनों का होगा शिलान्यास

सीएम झारखंड पुलिस निगम द्वारा बनाए जाने वाले 14 नए पुलिस भवनों, पुलिस थानों आदि का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। इनमें जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पुलिस लाइन में आठ तल्ले का दो आवासीय ब्लॉक, बोकारो, सरायकेला और जैप-5 देवघर और जैप-9 साहिबगंज में तीन तल्ले का आवासीय ब्लॉक शामिल है। इसके अलावा हजारीबाग में 50 बेड वाला महिला बैरक, बोकारो, खूंटी पुलिस लाइन में मैगजीन भवन और 50 बेड वाला महिला पुलिस बैरक। बोकारो पुलिस लाइन और जैप-4 बोकारो की चारदीवारी के अलावा खूंटी पुलिस लाइन की चारदीवारी निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा।