-भमौरा में पुलिस से हुई झड़प, बरेली बदायूं मार्ग घंटे भर रहा जाम

-एडीएम प्रशासन ने स्पीकर लौटाकर कांवडि़यों को शांत किया

-ग्राम जमुनियां जागीर में भी हुआ कांवडि़यों के रूट को लेकर विवाद

BHAMAURA : डीजे बंद कराने को लेकर भड़के कांवडि़यों ने बरेली-बदायूं मार्ग जाम कर दिया। कांवड़ रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया, इससे हड़कंप मच गया। एडीएम प्रशासन ने स्पीकर लौटाकर किसी तरह गुस्साए कांवडि़यों को शांत किया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक मार्ग पर कांवडि़यों का कब्जा रहा। वहीं दूसरी ओर धौराटांडा क्षेत्र के गांव जमुनियां जागीर में कांवडि़यों के रूट को लेकर विवाद हो गया। दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस ने दोनों वर्ग के लोगों के बीच बैठक कर मामला शांत करा दिया।

पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

शुक्रवार शाम को कछला से जल लेकर फरीदपुर के कांवडि़ये लौट रहे थे। डीजे की धुन पर नाचते गाते हुए शिव भक्त आ रहे थे। पुलिस ने ग्राम सिरोही के समीप पुठी मोड़ पर वाहन पर लगे स्पीकर उतरवाकर थाने में भेज दिए। इस पर कांवडि़ये भड़क उठे। गुस्साए कांवडि़ओं ने मार्ग पर कांवड़ रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एसपी देहात राम स्वरूप सिंह समेत तमाम पुलिस व प्रशासनिक अफसर वहां आ गए। इस बीच कांवडि़यों की पुलिस से तीखी तड़प हुई। इस दौरान एडीएम प्रशासन ने कांवडि़यों को समझाया और उन्हें स्पीकर लौटा दिए। इसके बाद ही कांवडि़यों का गुस्सा श्ांत हुआ।

लिखित में समझाैता कराया

वहीं धौराटांडा क्षेत्र के गांव जमुनियां जागीर में कांवडि़यों के रूट को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आए। इससे पुलिस में खलबली मच गई। सूचना मिलने पर सीओ बहेड़ी अमर सिंह, एसडीएम सदर, सीओ नवाबगंज समेत कई थानों की फोर्स वहां पहुंच गई। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने धौराटांडा के साहू ठाकुरदास इंटर कॉलेज में दोनों समुदाय के लोगों के साथ बैठक की और समझाया। उसके बाद दोनों पक्षों ने लिखित में समझौता कर लिया।

तीन किमी लगी वाहनों की लाइन

कांवडि़यों के मार्ग जाम करने से बरेली-बदायूं मार्ग पर लगभग तीन किमी लंबी वाहनों की लाइन लग गई। जाम खुलने के काफी देर बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।