ट्रेन के इंतजार में जंक्शन के प्लेटफॉर्म एक पर लेटे थे मां-बाप

CCTV कैमरे में कैद हुई बच्चा चोर महिला, जंक्शन पर मचा हड़कंप

सुबह आने वाली ट्रेन के इंतजार में मां-बाप कर रहे थे आराम

ALLAHABAD: ट्रेन के इंतजार में जंक्शन पर आराम के लिए लेटे मां-बाप को झपकी आना बेहद भारी पड़ गया। बगल में लेटी महिला उनके पांच महीने के बच्चे को लेकर गायब हो गई। इसका पता चलने पर मां-बाप दोनों पागलों की तरह जंक्शन के चक्कर काटने लगे। जीआरपी-आरपीएफ दोनों को सूचना दी। सब बच्चे की खोज में जुट गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। इससे बच्चे को लेकर जाती महिला तो दिख गई लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं चला।

जालंधर की ट्रेन पकड़नी थी

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के बैहरी थाना क्षेत्र का रहने वाला रामू चौहान पीओपी प्लास्टर करने का काम करता है। रविवार की रात रामू चौहान अपनी पत्नी सोनी चौहान और पांच महीने के इकलौते बेटे के साथ बस से इलाहाबाद पहुंचा। उसे सोमवार की सुबह ट्रेन पकड़ कर जालंधर जाना था। देर रात में भोजन करने के बाद पति-पत्नी इलाहाबाद जंक्शन पहुंचे। जंक्शन एरिया में ही लेट गए। पति-पत्नी जहां पर लेटे हुए थे। वहां उन्हीं के बगल में आकर एक बजे रात एक महिला लेट गई। इस बीच पता नहीं कब पति-पत्‍‌नी को नींद लग गई और वे बच्चे को गोद में लेकर सो गए। देर रात करीब ढाई बजे अचानक सोनी चौहान की नींद खुली तो उनका बेटा उनके बगल में नहीं था। जिस पर महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। वह फूट-फूट कर रोने लगी। पैसेंजर्स ने जब शोर मचाने का कारण पूछा तो बताया कि उनका पांच महीने का बेटा गायब है, जो थोड़ी देर पहले बगल में सो रहा था।

पैसेंजर्स रह गए अवाक

बच्चा गायब होने की जानकारी होते ही जंक्शन पर मौजूद अन्य पैसेंजर्स अवाक रह गए। वह खुद बच्चे को ढूंढने लगे। लेकिन, बच्चे का कहीं पता नहीं चला। जानकारी होने पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंच गई। जीआरपी भी बच्चे की तलाश में लग गई। लेकिन बच्चा नहीं मिला। सोमवार की सुबह तक बच्चे के बारे में कोई जानकारी न मिलने पर जीआरपी टीम ने देर रात एक बजे से लेकर ढाई बजे के बीच के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया। जिस स्थान पर पति-पत्नी लेटे थे। वह सीसीटीवी के दायरे में नहीं था। जिस पर जंक्शन में अन्य लोकेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया तो रात करीब पौने दो बजे एक संदिग्ध महिला छोटे बच्चे को गोद में लेकर जाती हुई दिखाई दी। फुटेज जब रामू और उसकी पत्नी सोनी को दिखाया गया तो दोनों ने अपने पांच महीने के बच्चे को पहचान लिया। बच्चे के साथ ही महिला को भी पहचान लिया। जीआरपी को बताया कि यह वही महिला है जो देर रात में बगल में आकर लेट गई थी। महिला की शिनाख्त होने के बाद फुटेज के आधार खोजबीन की गई। लेकिन महिला का कहीं अता-पता नहीं चला।

सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्चे को लेकर जाती हुई दिखाई दी है। जिसके आधार पर महिला की तलाश की जा रही है। अन्य स्टेशनों को भी फुटेज भेज दिया गया है। बच्चा चोरी करने वाले गिरोह का यह काम हो सकता है।

मनोज कुमार सिंह

इंस्पेक्टर जीआरपी

बिहार में होती है ज्यादा घटनाएं

जंक्शन से बच्चा चोरी के मामले अब तक बिहार से ही ज्यादा सामने आए हैं। अकेले पटना जंक्शन से पिछले साल जून महीने में सात बच्चे गायब हुए थे। इसके अलावा मुजफ्फरपुर और दरभंगा से भी एक-एक बच्चा चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। दरभंगा स्टेशन से चोरी हुए बच्चे को एक महीने बाद पुलिस ने रिकवर किया था।

बच्चा चोरी पर झारखंड में हुआ था बवाल

बच्चा चोरी करने वाला गैंग सक्रिय होने के शक में पिछले साल झारखंड में जमकर बवाल हुआ था। संदेह के आधार पर कई महिलाओं की पीटकर हत्या तक कर दी गई थी। स्थिति नियंत्रित करना पुलिस के लिए बेहद मुश्किल हो गया था।

बाबा के पास मिला था बच्चा

इलाहाबाद में इससे पहले एक बार एक साधू के पास से वाराणसी से गायब बच्चा रिकवर किया गया था। साधू पर भी बच्चा चोरी का आरोप लगा था। पुलिस ने साधू को पकड़ा भी था। यह मामला कुंभ के समय सामने आया था।