परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर की शिनाख्त

पुलिस कर रही हत्यारों की तलाश, कार से किया था अपहरण

आगरा। थाना सिकंदरा गैलाना से गायब चौकीदार की हत्या करने की आशंका है। उसका शव गुरूद्वारा गुरू का ताल गुरूद्वारे के सामने रेलवे ट्रैक पर मिला। बुधवार को गायब चौकीदार की तलाश को लेकर क्षेत्रीय लोगों और परिवारीजनों ने हंगामा भी किया था। अब परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस हत्या की धारा बढ़ाने जा रही है।

कार में ले जाते देखा था

गैलाना निवासी 45 वर्षीय अचल सिंह असोपा अस्पताल के पास सुलभ बिहार कॉलोनी में चौकीदार था। गैलाना में सिकरवार और गोले ठाकुरों के बीच 30 सितंबर से विवाद चल रहा था। एक पक्ष पर अचल सिंह की पत्‍‌नी मुन्नी देवी ने आरोप लगाया था कि दूसरे पक्ष के जॉनी, मुकेश, सीटू, ओमप्रकाश, धर्मेद्र उसे थाने ले जाने की बात बोलकर ले गए, लेकिन थाने पता किया तो वह उसे नहीं लाए। इस पर पत्‍‌नी ने अपहरण का नामजद केस दर्ज कराया। चौकीदार अचल सिंह के न मिलने पर बुधवार सुबह लोगों ने थाने पर हंगामा कर दिया था। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। बुधवार शाम को री पत्थर घोड़ा के पास रेलवे ट्रैक पर एक शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। जीआरपी ने अज्ञात में शव को पोस्टमार्टम भेज दिया।

हाथ पर छपा था नाम

अचल सिंह के रिश्ते के भाई रूपेंद्र सिंह के मुताबिक पुलिस ने बताया कि कोई अज्ञात शव मिला है। इसके बाद परिजन गुरुवार शाम 7 बजे पोस्टमार्टम हाउस शिनाख्त करने पहुंचे। शव काफी फूला हुआ था। चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। परिवार के लोगों ने हाथ पर नाम पर पढ़ कर शिनाख्त की। अचल सिंह के सीधे हाथ पर उनका नाम गुदा हुआ था।

बेटियों की करने वाले थे शादी

रूपेंद्र के मुताबिक मृतक के तीन बेटे दीपक, राजीव व कान्हा हैं। इनमें दीपक व राजीव शादीशुदा हैं। अचल सिंह अपनी दो बेटियों लता और सपना के लिए रिश्ता तलाश रहे थे। उनके शव को जानवरों ने खा लिया। चेहरे और सिर पर मांस नहीं था। वह गंभीर बीमारी से पीडि़त थे। काफी कमजोर हो चुके थे। मारपीट के दौरान ही उनकी मौत हुई होगी।