- नामांकन के लिए कर रहे थे जनसंपर्क, देर रात मारी गोली

PATNA/BUXAR: इटाढ़ी थाना के सिकटौना गांव में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने श्याम बिहारी यादव उर्फ साधू की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक अतरौना पंचायत से मुखिया का चुनाव लड़ने जा रहा था और बुधवार को उसका नामांकन था। घटना को लेकर गांव में तनाव है। श्याम बिहारी नामांकन में चलने के लिए पंचायत के गांवों में घूम-घूम कर लोगों को निमंत्रण दे रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे लोगों से मिलजुल कर घर लौट रहे थे, तभी गांव के पश्चिम पुल के पास अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो श्याम बिहारी खून से सने पड़े थे।

जांच में जुटी पुलिस

इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इधर, मृतक के घर में महिलाओं को रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां सुलेहा देवी ने बताया कि मृतक मंझला लड़का था। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। तीन भाई है। पहला भाई राज मिस्त्री एवं तीसरा भाई मजदूरी करता है। दोनों भाई गांव में नहीं हैं। इटाढ़ी के थानाध्यक्ष शमीम अहमद ने बताया कि मृतक कई लोगों का कर्जदार था। मामले की छानबीन हो रही है।